देश की खबरें | अरुणाचल के राज्यपाल और पूर्वी वायु कमान प्रमुख ने सुरक्षा, विकास मुद्दों पर चर्चा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक ने शिलांग में पूर्वी वायु कमान के प्रमुख एयर मार्शल सूरत सिंह से यहां राजभवन में मुलाकात कर उनके साथ प्रमुख रणनीतिक एवं विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
ईटानगर, आठ जुलाई अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक ने शिलांग में पूर्वी वायु कमान के प्रमुख एयर मार्शल सूरत सिंह से यहां राजभवन में मुलाकात कर उनके साथ प्रमुख रणनीतिक एवं विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों ने राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय रक्षा तैयारियों और विशेष रूप से अरुणाचल प्रदेश के कठिन भूभाग एवं मानसून के मद्देनजर प्रभावी आपदा प्रबंधन से संबंधित मामलों पर सोमवार को विचार-विमर्श किया।
परनाइक ने सीमावर्ती राज्य में भारतीय सशस्त्र बलों की मौजूदगी की सराहना करते हुए एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ सिंह से स्थानीय युवाओं, विशेष रूप से ‘एडवांस लैंडिंग ग्राउंड्स’ (एएलजी) के पास रहने वाले लोगों के साथ संवाद बढ़ाने और उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
एएलजी सीमित रेल और सड़क संपर्क वाले ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में बनायी गई छोटी हवाई पट्टियां हैं जो सीमा क्षेत्र में सेनाओं और सैन्य उपकरणों को तेजी से पहुंचाने की दृष्टि से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं।
परनाइक ने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह की संपर्क पहल युवाओं में गर्व, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने में मदद करेगी।
एयर मार्शल सिंह ने राज्य के लोगों की सुरक्षा, विकास और कल्याण के लिए कार्य करने की भारतीय वायु सेना की अटूट प्रतिबद्धता जताई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 11:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

