देश की खबरें | मुख्यमंत्री कार्यालय पर हमले के मामले में सबूतों के आधार गिरफ्तारियां हुई हैं: कोनराड संगमा

शिलांग, 28 जुलाई मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने शुक्रवार को कहा कि इस सप्ताह की शुरुआत में पश्चिमी मेघालय के तुरा शहर में उनके कार्यालय पर भीड़ द्वारा किए गए हमले को लेकर पुलिस ने सबूतों के आधार पर गिरफ्तारियां की हैं।

पुलिस के मुताबिक, तुरा में मुख्यमंत्री कार्यालय पर हमले के सिलसिले में सात महिलाओं सहित कम से कम 46 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि लोगों को पूरी तरह से सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। जो हुआ वह सही नहीं था। मैं वहां सकारात्मक इरादे से गया था...।’’

गिरफ्तार लोगों को किसी भी राजनीतिक दल से जोड़ने से इनकार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सब कुछ सबूतों पर आधारित था।

उन्होंने कहा, “ नारेबाज़ी करने वाले लोग राजनीतिक दलों से जुड़े हैं। हम कार्रवाई राजनीतिक दलों के आधार पर नहीं कर रहे हैं और सब कुछ सबूतों पर आधारित होगा। यदि कोई व्यक्ति भड़काने में शामिल था, तो उसके खिलाफ सबूत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में विपक्षी टीएमसी नेता, भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, “हमने कुल 46 लोगों को गिरफ्तार किया है। कुछ ने चुनाव लड़ा है, कुछ राजनीतिक दलों के सदस्य हैं जबकि कुछ कार्यकर्ता हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)