देश की खबरें | सवाल पूछने पर गिरफ्तारी भाजपा और उसकी ‘बी टीम’ का एक प्रयोग है: कांग्रेस

नयी दिल्ली, छह मई कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने को लेकर शुक्रवार को भाजपा एवं आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सवाल पूछने पर गिरफ्तारी करना केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी और उसकी ‘बी टीम’ (आप) का एक प्रयोग है।

पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्रोनोलॉजी समझिए। पहले ‘होल्डिंग कंपनी’ (भाजपा) ने जिग्नेश मेवानी को गिरफ्तार का लिया।फिर सब्सिडरी कंपनी (आप) ने तेजिंदर बग्गा को गिरफ्तार कर लिया। यह संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग है। प्रयोग यह बताने के लिए है कि अगर आप सवाल पूछोगे तो आप गिरफ्तार कर लिऐ जाओगे। आप, भाजपा की ‘बी टीम’ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अचानक से पुलिस राज की स्थापना क्यों की जा रही है? यह क्रोनोलॉजी यह होल्डिंग कंपनी और उसकी सब्सिडरी कंपनी दोनों चल रहे हैं।’’

गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि उसने मोहाली में दर्ज एक मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में उनके आवास से गिरफ्तार किया।

हालांकि, बग्गा को दिल्ली से मोहाली ले जा रहे पंजाब पुलिस के वाहनों को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रोक दिया गया।

दरअसल, बग्गा सोशल मीडिया पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ काफी मुखर रहे हैं। बग्गा ने कुछ समय पहले 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म को लेकर केजरीवाल के खिलाफ ट्वीट कर उनकी आलोचना की थी, जिसके बाद से वह आम आदमी पार्टी (आप) के निशाने पर आ गए थे।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)