देश की खबरें | इरशालवाड़ी भूस्खलन के बाद रायगड में करीब सात हजार लोग शिविरों में स्थानांतरित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के रायगड जिले में भूस्खलन की आशंका वाले 103 गांवों से लगभग 7,000 लोगों को 51 शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। यह कदम 19 जुलाई को इरशालवाड़ी त्रासदी के बाद उठाया गया है, जिसमें 27 लोग मारे गए थे और 57 अब भी लापता हैं । एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।
अलीबाग, 27 जुलाई महाराष्ट्र के रायगड जिले में भूस्खलन की आशंका वाले 103 गांवों से लगभग 7,000 लोगों को 51 शिविरों में स्थानांतरित किया गया है। यह कदम 19 जुलाई को इरशालवाड़ी त्रासदी के बाद उठाया गया है, जिसमें 27 लोग मारे गए थे और 57 अब भी लापता हैं । एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।
अधिकारी ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अगले तीन दिनों में भारी बारिश के लिए जारी ‘रेड अलर्ट’ को ध्यान में रखते हुए, 2,040 परिवारों के कुल 6,968 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। इनमें से 177 परिवारों के 534 लोगों ने अपने रिश्तेदारों के साथ रहने का विकल्प चुना है और 1,863 परिवारों के 6,434 लोगों को 51 शिविरों में रखा गया है।
इसमें अलीबाग के 31 परिवारों के 128 लोग शामिल हैं, जहां पिछले कुछ दिनों में औसतन 189.5 मिमी वर्षा हुई है । इसके अलावा पेन के 285 व्यक्ति, जहां वर्षा का आंकड़ा 193.4 मिमी है, और खालापुर के 236 परिवारों के 825 लोग शामिल हैं, जहां 133.4 मिमी बारिश हुई है और जहां भूस्खलन प्रभावित इरशालवाड़ी गांव स्थित है।
अधिकारी ने कहा कि महाड में 2,810 लोगों को स्थानांतरित किया गया है।
रायगड जिले में पिछले 24 घंटे में 162.3 मिमी बारिश दर्ज की गयी है और यहां अब तक मानसून के इस मौसम की वार्षिक 67 फीसदी बारिश दर्ज की गई है।
उप सिंचाई अभियंता ने बताया कि जिले की सभी छह नदियां, अर्थात् सावित्री (महाड), अंबा (रोहा), कुदालिका (रोहा), पातालगंगा (खलापुर), उल्हास (कर्जत) और गढ़ी (पनवेल) वर्तमान में खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं ।
जिले के एक अधिकारी ने बताया कि यह महज संयोग ही है कि राज्य सरकार ने इस सप्ताह पोलादपुट तालुका में कर्नेल और सखार सुतार वाडी गांवों के पुनर्वास के लिए 3.95 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की । दो साल पहले इन गांवों में भूस्खलन हुआ था जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो महीनों में भारी बरसात के कारण 56 घर क्षतिग्रस्त हो गये हैं जबकि 336 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)