एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | ओडिशा में बाढ़ से करीब पांच लाख लोग प्रभावित, मुख्यमंत्री पटनायक करेंगे हवाई सर्वेक्षण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बृहस्पतिवार को महानदी नदी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

देश की खबरें | ओडिशा में बाढ़ से करीब पांच लाख लोग प्रभावित, मुख्यमंत्री पटनायक करेंगे हवाई सर्वेक्षण

भुवनेश्वर, 18 अगस्त ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक बृहस्पतिवार को महानदी नदी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

राज्य में बाढ़ के कारण 12 जिलों के करीब पांच लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) पी के जेना ने कहा कि मुख्यमंत्री महानदी डेल्टा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेंगे। बाढ़ के कारण केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, खुर्दा, पुरी और कटक जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया था कि भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में कोई हताहत नहीं हो यह सुनिश्चित किया जाए।

एसआरसी पी के जेना के मुताबिक राज्य सरकार को कटक और बालासोर से दो नाबालिगों के लापता होने की सूचना मिली है और इसको लेकर संबंधित जिलाधिकारी जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रहे हैं।

मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी और आसपास के इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है।

मौसम विभाग ने सुबह नौ बजे के बुलेटिन में कहा कि निम्न दबाव के क्षेत्र के पूर्वी-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटों के दौरान और अधिक मजबूत होने तथा बाद के 24 घंटों के दौरान अत्यधिक मजबूत होने की संभावना है।

एसआरसी पी के जेना ने कहा कि राज्य सरकार बृहस्पतिवार को बने नए निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण अब एक बार फिर से भारी बारिश की संभावित स्थिति से निपटने के लिए कमर कस रही है।

मौसम विभाग ने ओडिशा के उत्तरी क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है। सरकार ने मयूरभंज, क्योंझर, बालासोर, भद्रक और जाजपुर के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है।

एक अन्य अधिकारी के मुताबिक महानदी नदी क्षेत्र में आई बाढ़ से 12 जिलों के 4.67 लाख से अधिक लोग पहले ही प्रभावित हो चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2022 05:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).