देश की खबरें | आदिवासियों के लिए शुरू केंद्रीय योजना का लाभ नगालैंड के करीब 600 गांवों को मिलेगा : मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने मंगलवार को कहा कि आदिवासियों के लिए केंद्र द्वारा शुरू की गई नयी योजना का लाभ नगालैंड के 74 विकास खंडों के 608 गांवों को मिलेगा।
दीमापुर, 15 अक्टूबर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने मंगलवार को कहा कि आदिवासियों के लिए केंद्र द्वारा शुरू की गई नयी योजना का लाभ नगालैंड के 74 विकास खंडों के 608 गांवों को मिलेगा।
नगालैंड की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा के आखिरी दिन ओराम ने कहा, ‘‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ राज्य के सभी 16 जिलों में लागू होगा।
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री की पूर्वोत्तर भारत की यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत दृष्टिकोण के तहत हो रही है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आदिवासी समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए इस महीने शुरू योजना राज्य के सभी 74 विकास खंडों और 608 गांवों में लागू होगी।’’
मंत्री ने बताया कि पूरी योजना 79,156 करोड़ रुपये की है और इसके दायरे में 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेश के 549 जिले और 2,911 विकास खंड आएंगे।
ओराम ने कहा कि इस योजना के पीछे का दृष्टिकोण है कि चुनिंदा आदिवासी गांवों में आधारभूत संरचना स्थापित की जाए, खासतौर पर उन गांवों में जहां कम से कम 50 प्रतिशत आबादी जनजातीय है।
ओराम ने मंगलवार को दीमापुर में दो सामुदायिक भवनों का उद्घाटन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)