बांग्लादेश, सिंगापुर में फंसे करीब 400 भारतीय वापस लौटे
वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इन लोगों को एयर इंडिया के दो विमानों से लाया गया। इनमें मेडिकल छात्र भी शामिल हैं।
नयी दिल्ली : श्रीनगर, आठ मई विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए सरकार के वंदे भारत मिशन के तहत शुक्रवार को बांग्लादेश और सिंगापुर से करीब 400 भारतीयों को शुक्रवार को वापस लाया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इन लोगों को एयर इंडिया के दो विमानों से लाया गया। इनमें मेडिकल छात्र भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पहली उड़ान में सिंगापुर में फंसे भारतीयों को लाया गया। यह विमान शुक्रवार पूर्वाह्न 11.45 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। विमान में 234 यात्री थे।
इसके कुछ घंटों बाद दूसरी विशेष उड़ान श्रीनगर पहुंची। ढाका से आयी इस उड़ान में 167 छात्र सवार थे।
भारत सरकार ने सोमवार को घोषणा की थी कि सात मई से चरणबद्ध रूप से भारतीय नागरिकों की वापसी की जाएगी। इसके तहत 13 मई तक 64 उड़ानों के जरिए करीब 15,000 भारतीयों को वापस लाया जाएगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दूसरे देशों से आने वाले भारतीय नागरिकों के लिए सभी तैयारियां की गयी हैं।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली सरकार ने विदेशों से आने वाले भारतीयों के लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं।"
विदेशों से आए सभी यात्रियों की कोरोना वायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए स्क्रीनिंग और अन्य जांच की गयी।
आव्रजन और सीमा शुल्क औपचारिकताओं के बाद उन्हें पृथक-वास केंद्र भेजा गया जहां वे घर जाने से पहले 14 दिन बिताएंगे।
उधर, श्रीनगर में अधिकारियों ने बताया कि 167 मेडिकल छात्रों को 14 दिनों के लिए पृथक-वास केद्र में भेजे जाने से पहले हवाई अड्डे पर स्क्रीनिंग की गयी। कोविड-19 पर काबू के लिए जारी दिशानिर्देशों के तहत यह अनिवार्य है।
श्रीनगर के उपायुक्त शाहिद इकबाल चौधरी ने इन छात्रों की वापसी के लिए प्रयासों को लेकर ढाका में भारतीय उच्चायोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त रीवा गांगुली दास ने हवाई अड्डे पर छात्रों के साथ बातचीत की।
उन्होंने छात्रों के रवाना होने से पहले ढाका में कहा, ‘‘इस (उड़ान) में केवल छात्र हैं... हम लगातार उनके संपर्क में थे और उनके कॉलेजों ने भी उनका ध्यान रखा।’’
उन्होंने कहा कि ढाका से कुल सात उड़ानें संचालित होंगी।
दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीयों के पहुंचने पर सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए सख्त एहतियाती कदम उठाए गए। वापस लौटे लोगों ने अभिवादन किया और उन्हें बसों से पृथक-वास केंद्रों में ले जाया गया।
एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि दिल्ली के लोग 8-10 होटलों में रुकेंगे। नयी दिल्ली, दक्षिण और दक्षिण पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ एरोसिटी में इन होटलों को तैयार किया गया है।
वापस लौटे लोगों के लिए करीब 20 बसों की व्यवस्था की गयी थी।
सिंगापुर से लौटे यात्रियों के स्वास्थ्य जांच के लिए कई मेडिकल टीमें तैनात की गयी थीं।
इस बीच लखनऊ में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के निदेशक ए के शर्मा ने बताया कि शारजाह से लगभग 200 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया का एक विमान शनिवार रात लखनऊ पहुंचेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 09:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

