कोरोना योद्धाओं को धन्यवाद देने की तैयारियों में जुटी सेना
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को कहा कि थलसेना, वायुसेना और नौसेना तीनों कोरोना योद्धाओं को धन्यवाद देने के लिए कई कार्यक्रम करेंगे।
नयी दिल्ली, दो मई कोरोना वायरस संकट के दौरान उससे सीधे-सीधे निपटने में जुटे लाखों डॉक्टरों, चिकित्साकर्मियों, सफाई कर्मचारियों और अन्य कोरोना योद्धाओं को रविवार को धन्यवाद देने के लिए विभिन्न अस्पतालों पर पुष्पवर्षा, समुद्र में खड़े जहाजों पर रोशनी करने और फ्लाई-पास्ट करने की तैयारियों में सेना पूरे जोर-शोर से जुटी हुई है।
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को कहा कि थलसेना, वायुसेना और नौसेना तीनों कोरोना योद्धाओं को धन्यवाद देने के लिए कई कार्यक्रम करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि कोरोना योद्धाओं को धन्यवाद देने का यह सिलसिला रविवार सुबह दिल्ली और अन्य शहरों में पुलिस स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाने से शुरू होगा, इसके माध्यम से देश भर में लॉकडाउन का पालन कराने के साथ-साथ तमाम परमार्थ कार्यों में जुटे पुलिसकर्मियों को सम्मान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दूसरे नंबर पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू और मालवाहक विमान फ्लाई-पास्ट करेंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 10 से 11 बजे के बीच से विमान देश के ज्यादा से ज्यादा शहरों और कस्बों के ऊपर उड़ान भरेंगे।
थलसेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने कहा, ‘‘ये विमान श्रीनगर से तिरुवनंतपुरम और डिब्रूगढ़ से कच्छ तक सभी बड़े शहरों के ऊपर से उड़ान भरेंगे। भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज कर रहे अस्पतालों के ऊपर से उड़ान भरेंगे और कोरोना योद्धाओं के सम्मान में अस्पतालों पर पुष्पवर्षा करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि कुछ विमान 500 मीटर तक की ऊंचाई पर भी उड़ान भरेंगे ताकि लोग अपने घरों में सुरक्षित रहते हुए इस फ्लाई-पास्ट को देख सकें।
आनंद ने कहा कि सेना के बैंड कोविड-19 के मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों, नर्सों और चिकित्साकर्मियों को धन्यवाद देने के लिए विभिन्न सदर अस्पतालों के आगे ‘‘देशभक्ति धुन’’ बजाएंगे।
इसके अलावा, भारतीय नौसेना के हेलीकॉप्टर सुबह 10 से साढ़े दस बजे के बीच मुंबई, गोवा, कोच्चि और वैजाग में अस्पतालों पर पुष्पवर्षा करेंगे।
नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी नौसेना कमान मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया पर शाम साढ़े सात बजे से रात 11 बजकर 59 मिनट तक नौसेना के पांच जहाजों को रोशन करेगा।
उनपर ‘भारत कोरोना योद्धाओं को सलाम करता है ’’ जैसे बैनर लगाए जाएंगे और शाम साढ़े सात बजे जहाजों के सायरन बजाए जाएंगे ।
पूर्वी नौसेना कमान शाम साढ़े सात बजे से मध्यरात्रि तक विशाखापत्तनम तट पर खड़े दो जहाजों को रोशन करेगा।
आनंद ने बताया कि भारतीय तटरक्षक जहाज पोरबंदर, ओखला, रत्नागिरि, दहानु, मुरुद, गोवा, न्यू मंगलोर, कावाराती, कराईकल, चेन्नई, कृष्णपटनम, निजामपटनम, पुडुचेरी, काकीनाडा, पारादीप, सागर द्वीप, पोर्ट ब्लेयर, दिगलीपुर, मायाबंदर, और कैम्पेल बे सहित 24 स्थानों पर दिखेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 06:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

