देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का अधिकारी शहीद, एक आतंकवादी ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बृहस्पतिवार को आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ में थलसेना के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) शहीद हो गए और इस दौरान एक आतंकवादी भी मारा गया।
जम्मू, 19 अगस्त जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बृहस्पतिवार को आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ में थलसेना के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) शहीद हो गए और इस दौरान एक आतंकवादी भी मारा गया।
रक्षा विभाग के जन संपर्क अधिकारी (जम्मू) लेफ्टिनेंट कर्नल देवेन्द्र आनंद ने बताया कि पुष्ट सूचना के आधार पर सेना और पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह थानामंडी क्षेत्र के दाना गांव में तलाशी अभियान चलाया।
उन्होंने बताया कि दाना गांव में तलाशी अभियान के दौरान जेसीओ सूबेदार राम सिंह के नेतृत्व वाली टीम पर पास के घने जंगलों में छुपे आतंकवादियों ने गोलियां चला दीं।
अधिकारी ने बताया कि जेसीओ ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक आतंकवादी मारा गया और सूबेदार राम सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि सिंह को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा दी गई और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद ने बताया कि सिंह (46) उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जिले के सालना गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी हैं।
पीआरओ ने कहा कि सूबेदार सिंह के सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा के लिए देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
अभियान का नेतृत्व कर रही राजौरी की पुलिस अधीक्षक शीमा नबी कसाबा ने बताया कि मुठभेड़ अभी जारी है।
अगस्त, 2021 में क्षेत्र में यह दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले छह अगस्त को हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 19, 2021 10:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

