देश की खबरें | सेना दिवस समारोह इस वर्ष दिल्ली में नहीं बल्कि विभिन्न सैन्य कमान में होगा आयोजित
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिणी कमान के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर ललित शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस साल से सेना दिवस समारोह राष्ट्रीय राजधानी से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है और इसका आयोजन देश के विभिन्न फील्ड कमान में किया जाएगा।
तिरुवनंतपुरम, 12 जनवरी दक्षिणी कमान के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर ललित शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस साल से सेना दिवस समारोह राष्ट्रीय राजधानी से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है और इसका आयोजन देश के विभिन्न फील्ड कमान में किया जाएगा।
ब्रिगेडियर शर्मा ने कहा कि इसका उद्देश्य नागरिक समाज के साथ संबंध को और गहरा करना है।
पांगोडे सैन्य स्टेशन के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर ललित शर्मा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘इस बार सेना दिवस परेड सेना की दक्षिणी कमान के तत्वावधान में बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी।’’
ब्रिगेडियर शर्मा ने कहा कि सेना दिवस हर साल 15 जनवरी को मनाया जाता है। ब्रिगेडियर ने कहा कि 1949 में इसी दिन जनरल के एम करियप्पा ने सेना के पहले भारतीय कमांडर इन चीफ के रूप में पदभार संभाला था।
उन्होंने कहा, ‘‘वह (करियप्पा) सेना के उन दो अधिकारियों में शामिल हैं जिनके पास फील्ड मार्शल की पांच सितारा रैंक थी। दूसरे फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ थे।’’
सेना दिवस से पहले आज पांगोडे सैन्य स्टेशन ने सशस्त्र बलों द्वारा उपयोग किए जा रहे नवीनतम परिष्कृत हथियारों को प्रदर्शित किया और केरल में उसके द्वारा संचालित कल्याणकारी गतिविधियों पर प्रकाश भी डाला।
ब्रिगेडियर शर्मा ने प्रदर्शन में रखे गए अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों की विभिन्न विशेषताओं के बारे में संवाददाताओं को जानकारी दी। एक सैन्य बैंड द्वारा संगीत प्रस्तुति भी दी गई।
उन्होंने कहा कि मीडिया, जिसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जाना जाता है, राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और सशस्त्र बलों के साथ भी इसका मजबूत संबंध है।
उन्होंने दक्षिणी सेना कमान द्वारा संचालित ऑपरेशन मालाबार सहयोग जैसे विभिन्न कल्याणकारी उपाय और राहत कार्यों का विवरण दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)