नयी दिल्ली, 10 सितंबर थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने शुक्रवार को हरियाणा के पंचकूला स्थित चंडी मंदिर सैन्य स्टेशन का दौरा किया और अभियानगत एवं प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जानकारी ली।
यह जानकारी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में दी। इसमें कहा गया कि नरवणे ने पश्चिमी कमान के अधिकारियों को संबोधित किया और उन्हें गर्व की भावना से सेवा करने, सैन्य मूल्यों और भारतीय सेना की समृद्ध संस्कृति को कायम रखने के लिए प्रेरित किया।
भारतीय सेना द्वारा बल के आधुनिकीकरण के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के नवीनतम दौर और उभरते साइबर खतरों तथा जवाबी कदमों के बारे में सैनिकों को खुद को अवगत रखना चाहिए।
बयान में कहा गया, ‘‘बाद में, नरवणे ने सैनिकों के साथ बात की और पेशेवर दक्षता तथा कोविड-19 से संबंधित प्रतिबंधों के बावजूद उच्च स्तर की युद्धगत तैयारी बनाए रखने की साहसिक भावना के लिए उनकी सराहना की।’’
उन्होंने कहा कि सभी सैन्यकर्मी लगातार जोश के साथ अपना दायित्व निभाते रहें और भविष्य की अभियानगत चुनौतियों के लिए तैयार रहें।
बयान में कहा गया कि पश्चिमी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आर पी सिंह ने उन्हें विभिन्न अभियानगत एवं प्रशिक्षण से जुड़े मुद्दों से अवगत कराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY