देश की खबरें | पंजाब के जालंधर में सशस्त्र बलों ने ‘निगरानी रखने वाले ड्रोन’ को मार गिराया: अधिकारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के जालंधर में सशस्त्र बलों ने एक संदिग्ध ‘निगरानी रखने वाले ड्रोन’ को मार गिराया। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार देर रात यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 12 मार्च पंजाब के जालंधर में सशस्त्र बलों ने एक संदिग्ध ‘निगरानी रखने वाले ड्रोन’ को मार गिराया। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार देर रात यह जानकारी दी।
जालंधर के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल ने कहा, “मुझे बताया गया है कि सशस्त्र बलों ने रात नौ बजकर 20 मिनट पर मंड गांव के पास निगरानी रख रहे एक ड्रोन को मार गिराया। विशेषज्ञों की एक टीम मलबे की तलाश कर रही है।”
उन्होंने रात 10 बजकर 45 मिनट पर एक संदेश में लोगों को मलबे के पास न जाने और तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करने की सलाह दी।
अग्रवाल के मुताबिक, यह भी बताया गया कि रात 10 बजे के बाद से ड्रोन से जुड़ी कोई गतिविधि नहीं हुई है।
जालंधर के उपायुक्त ने लोगों से शांत रहने और पटाखे न फोड़ने का आग्रह किया, जैसा कि कुछ इलाकों में किया गया था।
उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग दहशत फैलाने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
अग्रवाल ने कहा, “हमने एहतियात के तौर पर जालंधर के कुछ इलाकों में बिजली काट दी है और कुछ समय बाद स्थिति की समीक्षा करेंगे। चिंता की कोई बात नहीं है।”
इससे पहले उन्होंने कहा था कि ड्रोन देखे जाने की रिपोर्ट के बाद एहतियात के तौर पर सुरनासी के आसपास के कुछ इलाकों में लाइटें बंद कर दी गई हैं।
अग्रवाल ने रात सवा नौ बजे एक संदेश में कहा था, “हम उनकी पुष्टि कर रहे हैं। अब तक कोई (पूर्ण) ‘ब्लैकआउट’ नहीं हुआ। चिंता की कोई बात नहीं है, जैसा कि सशस्त्र बलों के अधिकारियों ने पुष्टि की है। वे हमेशा की तरह नियमित रूप से निगरानी कर रहे हैं।”
अमृतसर और होशियारपुर जिलों में सोमवार को एहतियाती ‘ब्लैकआउट’ उपाय लागू किए गए।
पंजाब की पाकिस्तान के साथ 553 किलोमीटर लंबी सीमा है।
सीमा से लगे अमृतसर में हवाई हमले का सायरन बजाया गया।
अमृतसर की उपायुक्त साक्षी साहनी ने एक संदेश में कहा, ‘‘हम सतर्क हैं। हम ब्लैकआउट लागू कर रहे हैं।’’ उन्होंने लोगों से खिड़कियों से दूर रहने का आग्रह किया।
अमृतसर प्रशासन ने नागरिकों से शांत रहने का आग्रह किया है।
इसने कहा, ‘‘बिजली आपूर्ति बहाल करने की तैयारी होने पर हम आपको सूचित करेंगे। घबराएं नहीं।’’
होशियारपुर जिले में, दसूया और मुकेरियां में ब्लैकआउट उपाय लागू किए गए।
सोमवार को पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सामान्य स्थिति देखी गई, बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी, हालांकि भारत और पाकिस्तान के बीच सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए सहमति बनने के बाद एहतियात के तौर पर कुछ जिलों में स्कूल बंद रहे।
चार दिन तक सीमा पार से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने की 10 मई को सहमति बनी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)