एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | विश्व चैंपियन गुकेश को हराकर एरिगैसी संयुक्त रूप से शीर्ष पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. विश्व चैंपियन डी गुकेश का नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और उन्हें दूसरे दौर में हमवतन अर्जुन एरिगैसी से हार का सामना करना पड़ा।

खेल की खबरें | विश्व चैंपियन गुकेश को हराकर एरिगैसी संयुक्त रूप से शीर्ष पर

स्टावेंजर (नॉर्वे), 28 मई विश्व चैंपियन डी गुकेश का नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और उन्हें दूसरे दौर में हमवतन अर्जुन एरिगैसी से हार का सामना करना पड़ा।

एरिगैसी इस शानदार जीत से संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। दूसरे दौर के एक अन्य महत्वपूर्ण मुकाबले मे हिकारू नाकामुरा ने आर्मागेडन टाई-ब्रेक में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराया। कार्लसन ने पहले दौर में गुकेश को हराया था।

छह खिलाड़ियों वाले डबल राउंड-रॉबिन ओपन वर्ग में खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे गुकेश शुरुआती दो राउंड हारने के बाद अंक तालिका में सबसे नीचे हैं।

विश्व के चौथे नंबर के भारतीय खिलाड़ी एरिगैसी 4.5 अंकों के साथ अमेरिकी ग्रैंडमास्टर नाकामुरा के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

सफेद मोहरों से खेल रहे एरिगैसी ने शुरूआत में बढ़त हासिल कर ली, लेकिन गुकेश की मजबूत रक्षापंक्ति ने अंत में बराबरी का खेल बना दिया। आखिर में मुकाबला रोमांचक बन गया था लेकिन गुकेश समय कम होने के कारण दबाव में आ गए और एरिगैसी इसका फायदा उठाकर चार घंटे से अधिक समय तक चले मैच को 62 चाल में जीतने में सफल रहे।

एरिगैसी ने इस वर्ष की शुरुआत में टाटा स्टील शतरंज में भी गुकेश को हराया था। उनका क्लासिकल शतरंज में गुकेश के खिलाफ 6-0 का शानदार रिकॉर्ड है।

इस 21 वर्षीय खिलाड़ी ने सोमवार को आर्मागेडन में चीन के वेई यी को हराकर 1.5 अंक हासिल किए थे।

एरिगैसी इस बात से हैरान थे कि गुकेश ने शुरुआती चालों में इतना समय क्यों लिया जिससे वह समय के दबाव में आ गए। 17वीं चाल से ठीक पहले गुकेश ने पाया कि वह अपने प्रतिद्वंद्वी से एक घंटे से अधिक पीछे हैं।

एरिगैसी ने कहा, ‘‘मैं थोड़ा हैरान हूं कि गुकेश ने शुरू में इतना समय क्यों बर्बाद किया।’’

एरिगैसी तीसरे दौर में फैबियानो कारूआना से खेलेंगे, जबकि गुकेश रैपिड और ब्लिट्ज शतरंज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक नाकामुरा के खिलाफ वापसी की उम्मीद करेंगे।

महिला वर्ग में भारत के दोनों खिलाड़ियों ने निराश किया। यूक्रेन की अन्ना मुज़ीचुक ने दो बार की विश्व रैपिड चैंपियन कोनेरू हम्पी पर शानदार जीत दर्ज की। आर वैशाली चीन की टिंगजी लेई से आर्मागेडन गेम में हार गई।

टूर्नामेंट की स्कोरिंग प्रणाली में क्लासिकल प्रारूप में विजेता को तीन अंक मिलते हैं। यदि क्लासिकल बाजी ड्रा हो जाती है, तो खिलाड़ियों को एक-एक अंक मिलता है और फिर आर्मगेडन में वे आधे अंक के लिए खेलते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2025 10:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).