नयी दिल्ली, 21 दिसंबर तुर्किये के इंस्ताबुल से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक उड़ान में एक यात्री और एयर होस्टेस के बीच खाने के विकल्प को लेकर तीखी बहस हुई।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) मामले पर गौर कर रहा है।
उड़ान के दौरान हुई इस तीखी बहस का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ। यह घटना 16 दिसंबर की है।
एक बयान में एयरलाइन ने कहा कि वह मामले को देख रही है।
वीडियो में इंडिगो की एयर होस्टेस को यात्री को कहते सुना जा सकता है, “मेरी क्रू आपकी वजह से रो रही है।”
यात्री को उससे कहते सुना जा सकता है, “आप यात्री की नौकर हैं’’, जिस पर एयर होस्टेस ने कहा, “मैं कर्मचारी हूं और आपकी नौकर नहीं हूं।”
वीडियो करीब एक मिनट का है। वीडियो में एक बार यात्री ने एयर होस्टेस से कहा, “ आप चिल्ला क्यों रही हैं? शट अप (चुप हो जाओ)।” यह वीडियो उड़ान के दौरान मौजूद किसी तीसरे यात्री ने बनाया है।
इंडिगो के मुताबिक, मामला कुछ यात्रियों द्वारा भोजन का विकल्प चुनने से जुड़ा है।
डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नियामक इस घटना को देख रहा है और उचित कार्रवाई करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY