खेल की खबरें | तीरंदाजी विश्व कप : महिला टीम फाइनल में, भारत की निगाह चार पदकों पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दीपिका कुमारी, अंकिता भक्त और कोमालिका बारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने यहां स्पेन पर सीधे सेटों में जीत दर्ज करके तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण के फाइनल में प्रवेश किया।
ग्वाटेमाला सिटी, 24 अप्रैल दीपिका कुमारी, अंकिता भक्त और कोमालिका बारी की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने यहां स्पेन पर सीधे सेटों में जीत दर्ज करके तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण के फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम को हालांकि क्वार्टर फाइनल में शूटऑफ तक चले मुकाबले में स्पेन से 26-27 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों टीमें पहले 4-4 से बराबरी पर थी।
भारत तीन अन्य स्पर्धाओं में भी पदक की दौड़ में शामिल है। अतनु दास और दीपिका मिश्रित युगल के कांस्य पदक की दौड़ में हैं। ये दोनों व्यक्तिगत पदक जीतने की दौड़ में भी बने हुए हैं।
महिला वर्ग के सेमीफाइनल में स्पेन की इलिया कनालेस, इनेस डि वेलास्को और लेयरी फर्नाडिस इनफेंटे किसी भी समय भारतीयों के मुकाबले में नहीं दिखी। भारतीय टीम ने 55, 56 और 55 के स्कोर बनाये और 6-0 से जीत दर्ज की। यह शंघाई 2016 के बाद पहला अवसर है जबकि महिला टीम विश्व कप के फाइनल में पहुंची है।
महिला टीम रविवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में सातवीं वरीयता प्राप्त मैक्सिको का सामना करेगी। कोरिया, चीन और चीनी ताइपै जैसी दमदार एशियाई टीमों की अनुपस्थिति में भारत खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था।
भारतीय महिला रिकर्व टीम ने अब तक चार अवसरों पर स्वर्ण पदक जीता है और दीपिका इन सभी का हिस्सा रही। महिला टीम ने अभी तक ओलंपिक कोटा हासिल नहीं किया है और जून में पेरिस में होने वाली अंतिम क्वालीफिकेशन प्रतियोगिता से पहले यहां की जीत उसके लिये मनोबल बढ़ाने वाली होगी।
भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान ग्वाटेमाला सिटी को 6-0 से हराया था।
दीपिका रविवार को तीसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक भी अपने नाम कर सकती है। इस तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी का सामना मैक्सिको की सातवीं वरीय अलेसांद्रा वेलेंसिया से होगा।
उनके पति अतनु दास पर भी निगाहें टिकी रहेंगी जो विश्व कप में अपने पहले व्यक्तिगत पदक की दौड़ में हैं। दास का इससे पहले व्यक्तिगत वर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन चौथा स्थान है जो उन्होंने 2016 में एंताल्या में हासिल किया था। दास सेमीफाइनल में मैक्सिको के 20 वर्षीय एंजेल अलवार्डो से भिड़ेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2021 01:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

