देश की खबरें | ‘एल्डरमैन’ की नियुक्ति : नवनिर्वाचित एमसीडी की पहली बैठक में ‘आप’, भाजपा पार्षद आपस में भिड़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में शुक्रवार को नवनिर्वाचित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की पहली बैठक में उपराज्यपाल वी के सक्सेना द्वारा 10 ‘एल्डरमैन’ (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद आपस में भिड़ गए।
नयी दिल्ली, छह जनवरी दिल्ली में शुक्रवार को नवनिर्वाचित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की पहली बैठक में उपराज्यपाल वी के सक्सेना द्वारा 10 ‘एल्डरमैन’ (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद आपस में भिड़ गए।
बैठक की शुरुआत भाजपा पार्षद सत्य शर्मा को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर और उप महापौर पद के चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी के रूप में शपथ दिलाने के साथ हुई।
शर्मा के ‘एल्डरमैन’ मनोज कुमार को शपथ लेने के लिए आमंत्रित करने पर ‘आप’ के विधायक और पार्षद विरोध करने लगे। कई विधायक और पार्षद नारे लगाते हुए सदन में आसन के करीब पहुंच गए।
इसके बाद भाजपा पार्षदों ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जवाब में ‘आप’ के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए।
‘आप’ ने आरोप लगाया कि सक्सेना ने उन भाजपा नेताओं को ‘एल्डरमेन’ नियुक्त किया है, जिन्हें नागरिक मुद्दों में विशेषज्ञता हासिल नहीं है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बृहस्पतिवार को सक्सेना को लिखे पत्र में इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया था।
एमसीडी में 250 निर्वाचित पार्षद शामिल हैं। दिल्ली में भाजपा के सात लोकसभा सांसद और ‘आप’ के तीन राज्यसभा सदस्य तथा दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष द्वारा नामित 14 विधायक भी महापौर और उप महापौर पद के लिए होने वाले चुनावों में हिस्सा लेंगे।
स्थायी समिति के छह सदस्य भी चुने जाएंगे।
नौ पार्षदों वाली कांग्रेस ने मतदान में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है।
बैठक एमसीडी मुख्यालय ‘सिविक सेंटर’ इमारत में चल रही है और वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)