जरुरी जानकारी | इस सप्ताह देश में खुलेंगे एप्पल के पहले दो स्टोर, सीईओ कुक करेंगे ग्राहकों का स्वागत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दुनिया की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल ने सोमवार को कहा कि भारत में उसके पहले दो स्टोर इस सप्ताह खुलेंगे, जो उसकी विस्तार योजना का प्रमुख हिस्सा है। एप्पल के दो स्टोर मुंबई और दिल्ली में खुल रहे हैं।
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल दुनिया की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल ने सोमवार को कहा कि भारत में उसके पहले दो स्टोर इस सप्ताह खुलेंगे, जो उसकी विस्तार योजना का प्रमुख हिस्सा है। एप्पल के दो स्टोर मुंबई और दिल्ली में खुल रहे हैं।
एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुल पहले स्टोर के उद्घाटन के मौके पर ग्राहकों का स्वागत करने के लिए मौजूद रह सकते हैं। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ''एप्पल भारत में 25 साल पूरे होने का जश्न मना रही है और इस सप्ताह कंपनी देश में अपने पहले एप्पल स्टोर के उद्घाटन के साथ एक बड़े विस्तार की ओर बढ़ने जा रही है।''
एप्पल अपना पहला स्टोर 18 अप्रैल को मुंबई में खोलेगी। इसके बाद 20 अप्रैल को दिल्ली में दूसरा आधिकारिक स्टोर शुरू किया जाएगा।
एप्पल ने कहा कि दोनों स्टोर को स्थानीय जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। ग्राहकों के लिए खोलने से एक दिन पहले 20,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैले मुंबई स्टोर को मीडिया के लिए खोला गया।
खबरों के मुताबिक कुक अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
एक बयान के मुताबिक कुक ने कहा, ''भारत में बेहद सुंदर संस्कृति और एक अविश्वसनीय ऊर्जा है। हम इसके विस्तृत इतिहास, अपने ग्राहकों का समर्थन करने, स्थानीय समुदायों में निवेश करने और मानवता की सेवा करने वाले नवाचारों के साथ बेहतर भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने के लिए उत्साहित हैं।''
कुक ने सोमवार शाम को स्टोर पर एप्पल के कर्मचारियों के साथ एक फोटो भी ट्वीट की। उन्होंने लिखा, ''हैलो, मुंबई! हम कल नए एप्पल बीकेसी में अपने ग्राहकों का स्वागत करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकते।''
कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (खुदरा कारोबार) डिएड्रे ओ'ब्रायन ने संवाददाताओं से कहा कि स्टोर में मौजूद 100 लोगों की मजबूत टीम 18 भारतीय ओं में बात करने में सक्षम होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)