ताजा खबरें | अपना दल (एस) को एक सीट पर जीत, 11 सीटों पर बढ़त, कृष्णा पटेल चल रहीं पीछे
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मां-बेटी (कृष्णा पटेल-अनुप्रिया पटेल) की अगुवाई वाले अपना दल के दोनों घटकों ने किस्मत आजमाई है, लेकिन बेटी के नेतृत्व वाले अपना दल (सोनेलाल) ने एक सीट जीतने के साथ ही 11 सीटों पर बढ़त बना ली है। हालांकि अनुप्रिया की मां कृष्णा पटेल प्रतापगढ़ में पीछे चल रही हैं।
लखनऊ, 10 मार्च उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मां-बेटी (कृष्णा पटेल-अनुप्रिया पटेल) की अगुवाई वाले अपना दल के दोनों घटकों ने किस्मत आजमाई है, लेकिन बेटी के नेतृत्व वाले अपना दल (सोनेलाल) ने एक सीट जीतने के साथ ही 11 सीटों पर बढ़त बना ली है। हालांकि अनुप्रिया की मां कृष्णा पटेल प्रतापगढ़ में पीछे चल रही हैं।
केंद्र सरकार में मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व वाले अपना दल (एस) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन किया है जबकि उनकी मां कृष्णा पटेल के अपना दल (कमेरावादी) ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन किया है। अपना दल (एस) के 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
साढ़े पांच बजे शाम तक अद्यतन हुई निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार अपना दल (एस) के एक उम्मीदवार को जीत मिली है जबकि 11 उम्मीदवार बढ़त बनाए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और अपना दल (एस) के उम्मीदवार जय कुमार सिंह जैकी 77,656 मत पाकर अपने निकटतम उम्मीदवार समाजवादी पार्टी के रामेश्वर दयाल (73237) से आगे चल रहे हैं।
उधर, समाजवादी पार्टी के गठबंधन में शामिल अपना दल (कमेरावादी) की अध्यक्ष कृष्णा पटेल प्रतापगढ़ में गठबंधन की उम्मीदवार हैं और वह भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र कुमार से काफी पीछे चल रही हैं। राजेंद्र कुमार को मिले 85005 मतों के मुकाबले कृष्णा पटेल को सिर्फ 58,313 मत मिले।
उल्लेखनीय है कि अति पिछड़ी कुर्मी बिरादरी से आने वाले डॉक्टर सोनेलाल पटेल ने अपना दल की स्थापना की थी लेकिन उनके निधन के बाद पार्टी का नेतृत्व उनकी पत्नी कृष्णा पटेल ने संभाला। 2012 में अपना दल से अनुप्रिया पटेल वाराणसी की रोहनिया सीट से विधानसभा सदस्य चुनी गईं और इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में अपना दल ने भाजपा से गठबंधन किया। चुनाव में इस पार्टी से अनुप्रिया पटेल समेत दो सांसद विजयी हुए। बाद में मां-बेटी के बीच टकराव हो गया।
अपना दल में मां और बेटी (कृष्णा पटेल-अनुप्रिया पटेल) के बीच टकराव के बाद दो फाड़ होने पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की अगुवाई वाले अपना दल (सोनेलाल) ने 2017 में भाजपा के साथ समझौते के तहत 11 सीटों पर चुनाव लड़ा और नौ सीटों पर उसे जीत मिली। 2017 में अनुप्रिया के दल को कुल पड़े वोटों का 0.98 प्रतिशत और लड़ी सीटों पर 39.21 प्रतिशत मत मिले थे।
अनुप्रिया की मां कृष्णा पटेल ने 2017 से पहले दल का गठन किया लेकिन मान्यता न मिलने से वह 2017 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर वाराणसी की रोहनिया विधानसभा सीट से मैदान में उतरीं और उन्हें करीब 10 हजार मत मिले थे। कुर्मी बिरादरी में अपना दल के संस्थापक दिवंगत डॉक्टर सोनेलाल पटेल (अनुप्रिया के पिता) काफी लोकप्रिय रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, सोनभद्र, बरेली, जालौन, उन्नाव, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, बलरामपुर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती महाराजगंज, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात आदि जिलों में कुर्मी बिरादरी चुनाव को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण स्थान रखती है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम दोनों कुर्मी बिरादरी से ही आते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)