एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अनुराग ठाकुर ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के लिए राजस्थान सरकार पर साधा निशाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान में एक नाबालिग से बलात्कार को लेकर राज्य सरकार की बृहस्पतिवार को आलोचना की और सवाल किया कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस घटना के बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं।

देश की खबरें | अनुराग ठाकुर ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के लिए राजस्थान सरकार पर साधा निशाना

नयी दिल्ली, 28 सितंबर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान में एक नाबालिग से बलात्कार को लेकर राज्य सरकार की बृहस्पतिवार को आलोचना की और सवाल किया कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस घटना के बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं।

ठाकुर ने यहां सवालों का जवाब देते हुए यह दावा भी किया कि राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, जहां ऐसे अपराधों के लिए 34,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान के पिछले पांच साल के आंकड़े लीजिए। महिलाओं के खिलाफ अपराध के दो लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं।’’

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अन्य राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों को उल्लेखित करने का मौका कभी नहीं छोड़ा लेकिन राजस्थान पर चुप हैं, ‘‘जो ऐसे अपराधों में नंबर एक पर है।’’

भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर ने कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार अपराधियों का बचाव कर रही है, राजस्थान में महिलाएं असुरक्षित हैं, जहां हर दिन महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और अपराध के 16-17 मामले दर्ज होते हैं।’’

ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने पिछली बार जब बांसवाड़ा का दौरा किया था, उस समय एक दलित लड़की के साथ बलात्कार करके हत्या कर दी गई थी और उसे पास के भीलवाड़ा में एक कुएं में फेंक दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी, वह उस जगह पर नहीं गये थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि अन्य राज्यों में ऐसी घटना होती है, तो कांग्रेस नेता सबसे पहले ट्वीट करते हैं, राजस्थान बलात्कार और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में नंबर एक पर है लेकिन कांग्रेस नेता चुप हैं।’’

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार, राजस्थान में दर्ज बलात्कार के 6,337 मामले, देश में सबसे अधिक हैं। देश में दर्ज बलात्कार के सभी मामलों में से 21 प्रतिशत मामले राजस्थान से हैं।

नाबालिग लड़कियों से बलात्कार के देश में दर्ज मामलों में से 48.6 प्रतिशत मामले राजस्थान से हैं। राजस्थान में नाबालिग लड़कियों से बलात्कार के 1,452 मामले दर्ज किए गए हैं।

एनसीआरबी ने कहा, ‘‘राज्य में महिलाओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत कुल 40,056 अपराध दर्ज हैं, जिनमें शील भंग करने के इरादे से महिलाओं पर नौ हजार से अधिक हमले शामिल हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 28, 2023 08:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).