एजेंसी न्यूज

एक और मरीज को मिली अस्पताल से छुट्टी

राज्य में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित 24 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। वहीं 12 लोगों का इलाज किया जा रहा है।

एक और मरीज को मिली अस्पताल से छुट्टी
जमात

रायपुर, 17 अप्रैल छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान से शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमित एक मरीज को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

राज्य में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित 24 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। वहीं 12 लोगों का इलाज किया जा रहा है।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर के अधिकारियों ने बताया कि कोरबा जिले के कटघोरा शहर की 27 वर्षीय महिला मरीज का लगातार दूसरा टेस्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि शेष सभी 12 रोगियों की हालत स्थिर बनी हुई है। इन सभी का आईसीएमआर के प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले का कटघोरा शहर कोरोना वायरस संक्रमण के लिए हॉटस्पॉट बना हुआ है। इस शहर से अभी तक 27 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।

इधर राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अभी तक 5776 संभावित व्यक्तियों की पहचान कर उनके नमूनों की जांच की गई है। अभी तक 36 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है तथा 5484 परिणाम निगेटिव प्राप्त हुए हैं। 256 की जांच जारी हैं। अभी तक 24 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में 65911 व्यक्तियों को घर पर पृथकवास में रखा गया है। इनमें से ज्यादातर लोगों ने विदेश और कोरोना वायरस से प्रभावित राज्यों का दौरा किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2020 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).