पंजाब में कोविड-19 का एक और नया मामला, कुल संख्या 245 पहुंची
मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, नया मामला जालंधर से आया है।
चंडीगढ़, 20 अप्रैल पंजाब में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमण का एक और मामला सामने आने के बाद राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 245 हो गई है।
मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, नया मामला जालंधर से आया है।
राज्य में अभी तक आए 245 मामलों में से सबसे ज्यादा 61 मामले मोहाली जिले से हैं, वहीं जालंधर में अभी तक 48 मामलों की पुष्टि हुई है।
मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, पटियाला में 26, पठानकोट में 24, नवांशहर में 19, लुधियाना में 16, मानसा और अमृतसर में 11-11, होशियारपुर में सात, मोगा में चार, रूपनगर, संगरूर और फरीदकोट में तीन-तीन, फतेहगढ़ साहिब, कपूरथला और बरनाला में दो-दो जबकि मुक्तसर, गुरदासपुर और फिरोजपुर में एक-एक मामला आया है।
बुलेटिन के अनुसार, एक मरीज की हालत नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर है।
कुल मामलो में से 16 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 38 लोग इलाज के बाद संक्रमण मुक्त होकर अपने-अपने घरों को लौट चुके हैं।
राज्य में अभी तक 6,797 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 6,273 की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है जबकि 279 की रिपोर्ट आनी बाकी है।
बुलेटिन के अनुसार, राज्य में फिलहाल कोरोना वायरस से संक्रमित 191 लोगों का इलाज चल रहा है।
इसबीच, केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कोविड-19 का एक और नया मामले आया है। शहर में अभी तक 27 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
बुलेटिन के अनुसार, चंडीगढ़ में अभी तक कुल 454 नमूने लिए गए हैं जिनमें से 417 की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है जबकि नौ लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। उसमें कहा गया है कि 14 मरीज संक्रमण मुक्त हो कर घर लौट गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2020 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

