देश की खबरें | अंजलि गोपालन, शेरोन लोवेन और उमा नायर को आलेख फांउडेशन का ‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ मिलेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मानवाधिकार कार्यकर्ता अंजलि गोपालन, ओडिशी नृत्यांगना शेरोन लोवेन और प्रख्यात कला क्यूरेटर उमा नायर समेत 25 प्रसिद्ध महिला हस्तियों को 19 जुलाई को आलेख फाउंडेशन के ‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।
नयी दिल्ली, 16 जुलाई मानवाधिकार कार्यकर्ता अंजलि गोपालन, ओडिशी नृत्यांगना शेरोन लोवेन और प्रख्यात कला क्यूरेटर उमा नायर समेत 25 प्रसिद्ध महिला हस्तियों को 19 जुलाई को आलेख फाउंडेशन के ‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।
दिल्ली स्थित इस गैर-लाभकारी संगठन ने तीसरे आलेख महिला उपलब्धि प्राप्तकर्ता पुरस्कार के तहत विजेताओं के नाम की घोषणा की है।
पुरस्कार की दो श्रेणियां ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ और महिला उपलब्धि प्राप्तकर्ता हैं।
‘लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार’ शेरोन लोवेन, अर्पणा कौर, डॉ. राज दुलहारी मेहरा, अंजलि गोपालन और उमा नायर को प्रदान किए जाएंगे, जबकि बाकी को महिला उपलब्धि प्राप्तकर्ता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. राज दुलहारी मेहरा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में ‘एनाटॉमी’ की पूर्व विभागाध्यक्ष हैं।
यह संगठन डिजाइनर अंशु अरोड़ा, मैत्री इंडिया की सह-संस्थापक विनी सिंह और यूट्यूबर नीतू बिष्ट समेत अग्रणी महिला पेशेवरों को आलेख महिला उपलब्धि प्राप्तकर्ता पुरस्कार से सम्मानित करेगा।
आलेख फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. रेनी जॉय ने कहा, ‘‘ये पुरस्कार उन महिलाओं के प्रति सम्मान दर्शाने का एक प्रयास हैं, जो ईमानदारी, कल्पनाशीलता और प्रभाव के साथ नेतृत्व करती हैं। हम जिन महिलाओं को सम्मानित करते हैं, उनमें से प्रत्येक साहस, करुणा और योगदान का प्रतीक है। उनकी कहानी मूल्यों पर आधारित होने के साथ-साथ उनकी दूरदर्शी सोच की भी परिचायक है।’’
आलेख फाउंडेशन विरासत और महिला सशक्तीकरण के लिए समर्पित सामाजिक-सांस्कृतिक प्रभाव डालने वाला एक संगठन है।
उसकी ओर से शुरू किया गया पुरस्कार कला, सार्वजनिक सेवा, मीडिया, कानून, साहित्य, चिकित्सा, उद्यमिता, शिक्षा और सामाजिक प्रभाव जैसे विविध क्षेत्रों की उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान करने के लिए दिया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2025 07:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

