देश की खबरें | नाराज सोनू निगम ने किशोर कुमार, अलका याग्निक को पद्म सम्मान नहीं मिलने पर निराशा व्यक्त की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोगों की प्रतिभा और योगदान के लिए पद्म सम्मान मरणोपरांत भी दिए जाने का जिक्र करते हुए गायक सोनू निगम ने दुनिया भर के गायकों को प्रेरित करने वाले किशोर कुमार के नाम पर पद्म श्री के लिए विचार नहीं किए जाने पर निराशा व्यक्त की है।

नयी दिल्ली, 27 जनवरी लोगों की प्रतिभा और योगदान के लिए पद्म सम्मान मरणोपरांत भी दिए जाने का जिक्र करते हुए गायक सोनू निगम ने दुनिया भर के गायकों को प्रेरित करने वाले किशोर कुमार के नाम पर पद्म श्री के लिए विचार नहीं किए जाने पर निराशा व्यक्त की है।

स्वयं भी पद्म श्री सम्मानित निगम ने पुरस्कारों की घोषणा के एक दिन बाद रविवार को एक इंस्टाग्राम वीडियो में यह भी कहा कि अलका याग्निक, श्रेया घोषाल और सुनिधि चौहान जैसे गायकों को संगीत की दुनिया में उनके योगदान को देखते हुए इस सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए।

निगम ने ‘‘भारत और इसके लंबित पद्म पुरस्कार विजेता’’ शीर्षक से किए गए पोस्ट में कहा, ‘‘दो गायक ऐसे हैं जिन्होंने पूरी दुनिया के गायकों को प्रेरित किया है। हमने उनमें से एक को पद्म श्री पुरस्कार तक सीमित कर दिया, वह हैं मोहम्मद रफी। दूसरे, किशोर कुमार को पद्म श्री भी नहीं मिला।’’

रफी को जहां उनकी मृत्यु से 13 साल पहले 1967 में पद्मश्री मिला था, वहीं 1987 में दिवंगत हुए कुमार को अभी तक इस सम्मान से सम्मानित नहीं किया गया है।

पद्म पुरस्कार 2025 की सूची में गायिका शारदा सिन्हा और पंकज उधास के नाम भी शामिल हैं जिन्हें मरणोपरांत क्रमशः पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। गायक अरिजीत सिंह और जसपिंदर नरूला को पद्म श्री दिए जाने की घोषणा की गई है।

वर्ष 2022 में पद्म श्री प्राप्त करने वाले निगम ने कहा कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों की कई हस्तियां हैं जिन्होंने अपनी कला में महारत हासिल की है लेकिन उनके योगदान के लिए सरकार द्वारा उन्हें मान्यता नहीं दी गई। उन्होंने इस सम्मान के लिए याग्निक, घोषाल और चौहान का नाम भी आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा गायिकाओं में अलका याग्निक का करियर इतना लंबा और अभूतपूर्व रहा है, उन्हें अभी तक कोई सम्मान नहीं मिला है। श्रेया घोषाल लंबे समय से अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उन्हें भी सम्मानित किया जाना चाहिए। सुनिधि चौहान ने अपनी अनोखी आवाज से एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया है। उन्हें भी अभी तक कुछ नहीं मिला है।’’

वीडियो के अंत में, गायक ने अपने प्रशंसकों से संगीत, अभिनय, विज्ञान या साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में पद्म पुरस्कार से सम्मानित होने की पात्र हस्तियों के नाम का उल्लेख करने के लिए कहा।

‘सूरज हुआ मद्धम’, ‘अभी मुझमें कहीं’, ‘तुमसे मिलके दिल का’, ‘राम जाने’ और ‘दीवाना है ये मन’ जैसे गीतों को अपनी आवाज देने वाले निगम 1995 में फिल्म ‘बेवफा सनम’ के गीत ‘अच्छा सिला दिया...’ से मशहूर हुए थे।

नेत्रपाल अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs New Zealand ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आकंड़ें

IND vs NZ 3rd ODI 2026, Indore Weather, Rain Forecast: इंदौर में बारिश बनेगी विलेन या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त, मुकाबले से पहले जानें मौसम का हाल

India vs New Zealand 3rd ODI Match Preview: कल टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा रोमांचक मुकाबला, मैच से पहले जानिए हेड टू हेड रिकार्ड्स, मिनी बैटल, स्ट्रीमिंग समेत सभी डिटेल्स

DC vs RCB, WPL 2026 11th Match Scorecard: नवी मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स महिला ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला के सामने रखा 167 रनों का टारगेट, शैफाली वर्मा ने जड़ा ताबड़तोड़ अर्धशतक; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\