कोविड-19 की जांच के मामले में आंध्र प्रदेश शीर्ष पर है: राज्य सरकार का दावा
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य में अब तक कुल मिलाकर 41,512 लोगों की जांच की गई है।
अमरावती, 22 अप्रैल आंध्र प्रदेश सरकार ने बुधवार को दावा किया कि प्रति 10 लाख लोगों में कोरोना वायरस की जांच करने के मामले में राज्य का स्थान शीर्ष पर है। राज्य सरकार ने दावा किया कि राज्य में प्रति 10 लाख की आबादी पर 830 लोगों की जांच की गई।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य में अब तक कुल मिलाकर 41,512 लोगों की जांच की गई है।
इसमें कहा गया कि कुल जांच में से अभी तक 40,699 की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है।
मंगलवार को 5,757 लोगों की जांच की गई जिसमें से 3,082 की जांच ट्रूनैट मशीनों का इस्तेमाल करके की गई जिसका इस्तेमाल वास्तव में तपेदिक की जांच में किया जाता है।
विज्ञप्ति में दावा किया गया कि किसी भी अन्य राज्य में इतने पैमाने पर जांच नहीं की जा रही है।
इसमें कहा गया है, ‘‘प्रति 10 लाख लोगों पर की जाने वाली जांच की संख्या 830 हो गई है। राजस्थान 809 जांच के साथ इस मामले में आंध्र प्रदेश के बाद दूसरे नम्बर पर है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया कि आंध्र प्रदेश की जांच संख्या हालांकि आईसीएमआर वेबसाइट पर अपलोड नहीं की गई। सरकार आंकड़े लगातार भेज रही है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि वे राज्य के आंकड़े वेबसाइट पर अपलोड नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उन्हें लॉगइन नहीं दिये गए हैं।
राज्य सरकार ने सोमवार को डेटा जारी किया था और कहा था कि उसने प्रति 10 लाख में 715 लोगों की जांच की।
16 अप्रैल को राज्य के विशेष मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) के एस जवाहर रेड्डी ने प्रति 10 लाख पर जांच की संख्या 331 बतायी थी।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘इस महीने की शुरुआत में प्रति दिन सिर्फ 230 जांच हो रही थी लेकिन अब हम लगभग 5,700 जांच कर रहे हैं। हम जांच के मामले में बहुत आक्रामक हैं और इसलिए यह संख्या बढ़ी हुई है। हमारा डेटा सही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2020 09:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

