देश की खबरें | आंध्र प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्याम बेनेगल के निधन पर शोक जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल के निधन पर मंगलवार को शोक जताया।

अमरावती, 24 दिसंबर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल के निधन पर मंगलवार को शोक जताया।

‘मंडी’ और ‘अंकुर’ जैसी फिल्मों के जरिए देश में कलात्मक सिनेमा आंदोलन की शुरुआत करने वाले बेनेगल का अपने 90वें जन्मदिन के ठीक नौ दिन बाद सोमवार शाम को मुंबई में निधन हो गया।

मुख्यमंत्री नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिग्गज फिल्म निर्माता श्याम बेनेगल के निधन से बेहद दुखी हूं। अपनी साहसिक किस्सागोई और सामाजिक-राजनीतिक गहराई के लिए प्रसिद्ध बेनेगल ने हमारे देश की यात्रा के सार को पकड़ा और भारतीय सिनेमा की दिशा को नया रूप दिया’’।

नायडू के अनुसार, बेनेगल की विरासत फिल्म निर्माताओं की आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने हैदराबाद में जन्मे फिल्म निर्माता बेनेगल के परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

राज्यपाल नजीर ने भी बहुमुखी फिल्म निर्माता बेनेगल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

राजभवन से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में नजीर ने कहा, ‘‘बेनेगल समानांतर सिनेमा के अग्रणी थे और उन्होंने कई ऐसी फिल्में बनाईं जिन्हें पुरस्कृत किया गया। कला एवं सिनेमा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण और दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।’’

राज्यपाल ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\