देश की खबरें | आंध्र प्रदेश सरकार ने गौचर बीमारी से ग्रस्त ढाई साल की लड़की के लिए एक करोड़ रुपये मंजूर किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश सरकार ने गौचर बीमारी से ग्रस्त ढाई साल की एक लड़की के उपचार के लिए एक करोड़ रूपये मंजूर किए हैं।
अमरावती, दो अक्टूबर आंध्र प्रदेश सरकार ने गौचर बीमारी से ग्रस्त ढाई साल की एक लड़की के उपचार के लिए एक करोड़ रूपये मंजूर किए हैं।
इस संबंध में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. बी आर आंबेडकर कोनासीमा के जिलाधिारी हिमांशु शुक्ला ने लड़की के इलाज के लिए रविवार को उसके परिवार को 13 इंजेक्शन का पहला सेट सौंपा। उसे कम से कम 52 इंजेक्शन लगने हैं और हर इंजेक्शन सवा लाख रुपये का है।
गौचर बीमारी में चर्बी बनने के कारण व्यक्ति की हड्डियों एवं यकृत पर असर पड़ता है तथा उसके अंग बड़े हो जाते हैं।
चूंकि यह परिवार इलाज का इतना अधिक खर्च उठाने में असमर्थ था, इसलिए उसने मुख्यमंत्री से उनकी हाल की कोनासीमा यात्रा के दौरान सहयोग की अपील की थी।
मुख्यमंत्री ने न केवल लड़की के इलाज के लिए बल्कि उसकी पढ़ाई एवं अन्य जरूरतों के लिए भी धन देने का वादा किया।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिलाधिकारी ने इलाज के लिए जरूरी धनराशि को लेकर सरकार को एक प्रस्ताव सौंपा और उसके अनुसार एक करोड़ रुपये इस बीमारी के उपचार के लिए मंजूर किए गए।
विज्ञप्ति के मुताबिक, सरकार ने दवा निर्माता कंपनी से संपर्क किया और 13 इंजेक्शन की पहली खेप प्राप्त की। जिलाधिकारी ने लड़की के उपचार के लिए अमलपुरम के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों को ये इंजेक्शन सौंपे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)