Russia-Ukraine: कीव में एक भारतीय छात्र गोली लगने से हुआ घायल- वीके सिंह
नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया है.
नयी दिल्ली, 4 मार्च : नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया है. सिंह, इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं.
मंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ आज, हमें पता चला है कि कीव छोड़कर जा रहे एक छात्र को गोली लग गई है. उसे वापस कीव ले जाया गया है. युद्ध में ऐसा होता है.’’ गौरतलब है कि एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में गोली लगने से कर्नाटक के छात्र नवीन एसजी की मौत हो गई थी. वह घटना के वक्त अपने और साथी छात्रों के लिये भोजन लेने बाहर निकला था. यह भी पढ़ें : Russia-Ukraine: यूक्रेन में फंसे 185 भारतीय नागरिकों को बुखारेस्ट से लेकर विशेष विमान मुंबई पहुंचा
सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें. भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2022 09:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

