देश की खबरें | अमित शाह केरल में भाजपा राज्य कार्यालय का उद्घाटन करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात यहां पहुंचेंगे और भाजपा राज्य समिति के नये कार्यालय का उद्घाटन करेंगे तथा आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करेंगे।
तिरुवनंतपुरम, 11 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात यहां पहुंचेंगे और भाजपा राज्य समिति के नये कार्यालय का उद्घाटन करेंगे तथा आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत करेंगे।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि शाह के रात लगभग 10 बजे तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है, जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उनकी अगवानी करेंगे।
प्रदेश कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे किया जायेगा।
शाह पार्टी का झंडा फहराएंगे, भवन के सामने एक पौधा लगाएंगे और परिसर में प्रवेश करने के बाद दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। वह नये कार्यालय के आधिकारिक उद्घाटन के मौके पर रिबन भी काटेंगे।
पार्टी ने यहां एक बयान में कहा कि समारोह के तहत शाह भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिवंगत के जी मारार की कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस प्रतिमा को नये भवन के केंद्रीय कक्ष में स्थापित किया गया है।
इसके अनुसार उद्घाटन के बाद पूर्वाह्न 11.30 बजे पुथारीकंदम मैदान में एक बड़ी वार्ड-स्तरीय नेतृत्व बैठक होगी, जिसका उद्घाटन भी केंद्रीय मंत्री करेंगे।
बयान में कहा गया है कि तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा और अलप्पुझा राजस्व जिलों के 5,000 वार्ड समितियों के लगभग 25,000 जमीनी स्तर के नेताओं के इस कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की उम्मीद है।
बयान के अनुसार भाजपा को उम्मीद है कि कुल मिलाकर लगभग 1.5 लाख लोग ऑनलाइन तरीके से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दोपहर बाद, शाह भाजपा राज्य नेतृत्व की बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें केरल में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होगी।
चंद्रशेखर ने कहा कि शनिवार को आयोजित होने वाली बैठक स्थानीय निकाय चुनावों के लिए पार्टी के अभियान की औपचारिक रूप से शुरुआत होगी।
उन्होंने कहा कि केरल के लोग बदलाव चाहते हैं और भाजपा राज्य सरकार की निरंतर उपेक्षा, विशेषकर स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में, की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए काम करेगी।
बयान में कहा गया है कि शाह के शाम चार बजे तिरुवनंतपुरम से कन्नूर के लिए रवाना होने की उम्मीद है, जहां वह दिल्ली लौटने से पहले तालीपरम्बा में प्रसिद्ध राजराजेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 03:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

