कृषि क्षेत्र को दिए गए पैकेज का अमित शाह ने किया स्वागत
शाह ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार किसानों को बेहतर मूल्य पर अपने उत्पाद बेचने के वास्ते पर्याप्त विकल्प उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय कानून लाएगी।
नयी दिल्ली, 15 मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा कृषि क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं का शुक्रवार को स्वागत किया और कहा कि मोदी सरकार का मानना है कि किसानों के कल्याण में भारत का विकास निहित है।
शाह ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार किसानों को बेहतर मूल्य पर अपने उत्पाद बेचने के वास्ते पर्याप्त विकल्प उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय कानून लाएगी।
शाह ने ट्वीट किया, “मोदी सरकार का मानना है कि किसानों के कल्याण में भारत का कल्याण निहित है। आज किसानों को दी गयी यह अभूतपूर्व सहायता मोदी जी की किसानों को सशक्त बनाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दूरदर्शिता को दर्शाता है। इसके लिए मैं नरेंद्र मोदी जी और निर्मला सीतारमण जी को बधाई देता हूँ।”
गृह मंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि एक लाख करोड़ रुपये की ‘कृषि अवसंरचना निधि’ से कृषि क्षेत्र और भारत के किसानों को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा, “कृषि विपणन सुधार के ऐतिहासिक निर्णय से मोदी सरकार एक केंद्रीय कानून लाएगी जिससे किसानों को बेहतर कीमत पर अपनी उपज बेचने के लिए पर्याप्त विकल्प मिलेंगे। वह बाधा-मुक्त अंतरराज्यीय व्यापार कर पाएंगे और ई-व्यापार से उनकी उपज देश के कोने-कोने तक पहुंच पायेगी।”
कोविड-19 महामारी से प्रभावित अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए दिए गए आर्थिक पैकेज के तीसरे चरण में शुक्रवार को सीतारमण ने कृषि क्षेत्र के लिए उठाए गए कई कदमों की घोषणा की जिसमें 1.63 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं और आवश्यक वस्तु अधिनियम में संशोधन का प्रस्ताव दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

