देश की खबरें | अमित शाह छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे।
रायपुर, चार अप्रैल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे।
शाह शनिवार को बस्तर क्षेत्र में सुरक्षाबलों के कमांडरों से बातचीत के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि शाह के आज रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों, रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शाह नवा रायपुर के एक होटल के लिए रवाना हो गए।
उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री शनिवार दोपहर 12.10 बजे दंतेवाड़ा पहुंचेंगे तथा मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, वह राज्य सरकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम 'बस्तर पंडुम' उत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाह नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा बलों के कमांडरों से बातचीत करेंगे।
उन्होंने बताया कि शाम को वह दिल्ली रवाना होने से पहले शाम 5.20 बजे नवा रायपुर के एक होटल में नक्सल विरोधी अभियानों और अन्य विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री ने पहले कहा था कि केंद्र सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया है।
गौरतलब है कि 2023 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान तेज हो गए हैं। पिछली जनवरी से सुरक्षा बलों ने कई मुठभेड़ों में करीब 350 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें से ज्यादातर बस्तर क्षेत्र से हैं।
हाल ही में 29 मार्च को बस्तर क्षेत्र में हुई दो मुठभेड़ों में 11 महिलाओं समेत 18 नक्सली मारे गए।
शाह ने मंगलवार (एक अप्रैल) को बताया था कि भारत में वामपंथी उग्रवाद से सबसे अधिक प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटकर छह हो गई है।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, " मोदी सरकार नक्सलवाद के प्रति निर्मम दृष्टिकोण और सर्वव्यापी विकास के लिए अथक प्रयासों के साथ सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत का निर्माण कर रही है। भारत 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह से जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए दृढ़ संकल्पित है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2025 10:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

