देश की खबरें | अमित शाह ने यमुना की सफाई के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को संबंधित मंत्रालयों और अधिकारियों को यमुना नदी की सफाई, राजधानी के निवासियों के लिए स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और शहर की सीवेज प्रणाली को उन्नत करने के लिए समग्र दृष्टिकोण के साथ काम करने का निर्देश दिया।

नयी दिल्ली, 22 मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को संबंधित मंत्रालयों और अधिकारियों को यमुना नदी की सफाई, राजधानी के निवासियों के लिए स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और शहर की सीवेज प्रणाली को उन्नत करने के लिए समग्र दृष्टिकोण के साथ काम करने का निर्देश दिया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने यह बात अपनी अध्यक्षता में हुई एक बैठक में कही जिसमें केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक गृह मंत्री ने यमुना की सफाई, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और दिल्ली में सीवेज प्रणाली में सुधार के संबंध में एक बैठक की और उन्होंने निर्देश दिया कि यह कार्य समग्र दृष्टिकोण के साथ किया जाए।

बयान के मुताबिक शाह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यमुना सिर्फ एक नदी नहीं बल्कि आस्था का प्रतीक है और इसकी सफाई (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्रालय को सभी जलमल शोधन संयंत्रों (एसटीपी) के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) विकसित करनी चाहिए।

गृह मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि इस एसओपी को अन्य राज्यों के साथ भी साझा किया जाना चाहिए। उन्होंने रेखांकित किया कि दिल्ली में यमुना की सफाई, पेयजल और जल निकासी के लिए योजनाएं 20 वर्षीय दृष्टिकोण के साथ बनाई जानी चाहिए।

शाह ने यमुना की सफाई में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और इसे मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने डीजेबी में रिक्त पदों को तत्काल भरने का भी निर्देश दिया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने दिल्ली की जल वितरण क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी जल प्रबंधन आवश्यक है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मार्च में यमुना नदी की सफाई और दिल्ली के सीवेज बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए 1,500 करोड़ रुपये की व्यापक योजना की घोषणा की थी, जो राष्ट्रीय राजधानी में नदी पुनरुद्धार का एक महत्वाकांक्षी प्रयास है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\