एजेंसी न्यूज

कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए भारत को वेंटिलेटर देगा अमेरिका : ट्रम्प

ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर घातक कोरोना वायरस के लिए टीका विकसित कर रहे हैं।

कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए भारत को वेंटिलेटर देगा अमेरिका : ट्रम्प

वाशिंगटन, 16 मई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत और अमेरिका के बीच नजदीकी साझेदारी का जिक्र किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना ‘‘अच्छा मित्र’’ बताया। उन्होंने घोषणा की कि अमेरिका ‘‘अदृश्य शत्रु’’ से लड़ाई में मदद के लिए भारत को बड़ी संख्या में वेंटिलेटर देगा।

ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर घातक कोरोना वायरस के लिए टीका विकसित कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में कोरोना वायरस महामारी चीन से शुरू हुई थी और अब यह पूरी दुनिया में फैल गई है। विश्वभर में कोरोना वायरस के कारण 3,07,666 लोगों की मौत हो चुकी है और 45 लाख से अधिक लोग संक्रमित हैं।

भारत में शुक्रवार तक कोविड-19 के कुल मामले 85,000 का आंकड़ा पार कर गए जो चीन में संक्रमण के कुल 82,933 मामलों से अधिक है।

ट्रम्प ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है कि अमेरिका भारत में हमारे मित्रों को वेंटिलेटर्स दान करेगा।’’ हालांकि व्हाइट हाउस ने अभी यह नहीं बताया कि कितने वेंटिलेटर दान किए जाएंगे।

कैंप डेविड जाने के लिए मरीन वन में सवार होने से पहले शुक्रवार को ट्रम्प ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘हम भारत में बहुत सारे वेंटिलेटर्स भेज रहे हैं। मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की है। हमारे पास वेंटिलेटरों की बढ़िया आपूर्ति है।’’

ट्रम्प के अनुरोध पर पिछले महीने भारत ने अमेरिका में कोविड-19 के मरीजों इलाज के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन की पांच करोड़ गोलियां भेजी थीं।

इससे पहले ट्रम्प ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने फरवरी में अपनी नई दिल्ली, अहमदाबाद तथा आगरा की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘भारत महान देश है और आप जानते हैं कि आपके प्रधानमंत्री मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। ’’

ट्रम्प ने कोरोना वायरस के टीके के विकास के लिए काम कर रहे भारत-अमेरिकी वैज्ञानिकों और अनुसंधानकर्ताओं की भी सराहना की।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कायलेग मेकेनेनी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘राष्ट्रपति ने भारत के साथ हमारे शानदार संबंधों की हाल में प्रशंसा की है। पिछले कुछ समय से भारत हमारे लिए एक बढ़िया साझेदार रहा है। भारत को वेंटिलेटर दान के बारे में जानकर मुझे प्रसन्नता हुई।’’

उन्होंने बताया कि भारत सहित कई देशों को वेंटिलेटर दिए जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 10:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).