देश की खबरें | अंबाला: सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत

अंबाला, दो जून हरियाणा में अंबाला शहर के निकट शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की एक बस से टकराने से मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आयुष राणा (18) एक क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास सत्र में भाग लेकर बाइक से अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था।

पुलिस ने बताया कि कक्षा 11वीं में पढ़ने वाला राणा अंबाला छावनी के पास नन्हेरा गांव का रहने वाला था।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग पर घटी जब दोनों लड़के बलदेव नगर पुल से गुजर रहे थे।

पुलिस ने कहा कि हरियाणा रोडवेज की एक बस के चालक ने बिना कोई इंडिकेटर दिये बस की लेन बदल दी और बाइक पीछे की तरफ से बस से टकरा गयी।

राणा के दोस्त अर्पित ने पुलिस को बताया कि दोनों रोजाना अभ्यास के लिए क्रिकेट एकेडमी जाते थे। उन्होंने कहा कि राणा बाइक चला रहा था तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस के मुताबिक राणा के सिर में गहरी चोट लगी, वहीं उसका दोस्त भी चोटिल हो गया।

दुर्घटना के बाद बस चालक दोनों को अंबाला के सिविल अस्पताल ले गया जहां चिकित्सकों ने राणा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने कहा कि कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)