देश की खबरें | अमरिंदर सिंह ने अकालियों से किया समझौता, चुनावी वादों को पूरा नहीं किया: परिवहन मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में ‘माफिया तत्वों’ को जन्म देने वाले अकालियों के साथ समझौता किया है।
चंडीगढ़, 21 अक्टूबर पंजाब के परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में ‘माफिया तत्वों’ को जन्म देने वाले अकालियों के साथ समझौता किया है।
वारिंग ने खेद जताया कि अमरिंदर सिंह सरकार 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले लोगों से किए गए कई चुनावी वादों को पूरा नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि बादल परिवार ट्रांसपोर्ट माफिया का ‘सरगना’ है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अमरिंदर सिंह ने उन लोगों के साथ समझौता किया जिनके शासन में कई माफियाओं का उदय हुआ। माफिया शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन में आए और हमारे मुख्यमंत्री ने उनके साथ समझौता किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए मैं अमरिंदर सिंह को समझौता करने वाला मुख्यमंत्री कह रहा हूं।’’
अमरिंदर सिंह द्वारा कांग्रेस आलाकमान के हाथों अपमान का सामना करने की टिप्पणी पर, परिवहन मंत्री ने कहा कि यह राज्य के लोग थे जो चाहते थे कि वह जाये।
अमरिंदर सिंह ने पिछले महीने नवजोत सिंह सिद्धू के साथ सत्ता को लेकर खींचतान के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अमरिंदर सिंह की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया गया है।
परिवहन मंत्री के रूप में अपने 21 दिनों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि उनके विभाग ने एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक आय में 17 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि सरकार के स्वामित्व वाली बसों का राजस्व संग्रह एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच 54.26 करोड़ रुपये था, जबकि 15 से 30 सितंबर के बीच 46.28 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि दैनिक संग्रह में 53 लाख रुपये की वृद्धि हुई है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि करों का भुगतान न करने, अवैध परमिट आदि को लेकर अब तक 258 बसों को जब्त किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)