देश की खबरें | भारत के साथ हमेशा गहरा जुड़ाव महसूस किया: लेखक जेफरी आर्चर

कोलकाता,13 जनवरी प्रख्यात ब्रिटिश उपन्यासकार जेफरी आर्चर ने कहा कि उन्हें कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्हें एहसास था कि उनके पास ‘‘कहानी कहने की ईश्वर प्रदत्त क्षमता है।’’

आर्चर ने यहां एपीजे कोलकाता साहित्य महोत्सव में बैरी ओ ब्रायन के साथ बृहस्पतिवार को वर्चुअल माध्यम से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें ‘‘हमेशा भारत के साथ गहरा जुड़ाव महसूस होता था’’ और भारत में बड़ी संख्या में लोग उनकी पुस्तकें पढ़ते हैं।

ब्रिटेन के पूर्व सांसद आर्चर ने कहा,‘‘ हमारे देशों के बीच कई प्रकार के संबंध हैं। भारतीय लेखक बहुत अच्छा लिखते हैं,इस क्रम में मैं आर के नारायनन का नाम ले सकता हूं जो लघु कथाएं लिखते थे। वह बेहतरीन लेखक थे।’’

आर्चर के खुद को ‘‘विफल नेता’’ करार दिया और कहा,‘‘ मैं प्रधानमंत्री बनना चाहता था और मेरा राजनीतिक जीवन था,लेकिन मैं इसमें कुछ खास नहीं कर पाया। मैं दीवालिया हुआ। मेरी रचनाएं कई बार स्वीकार नहीं की गईं, लेकिन तब मुझे एहसास हुआ कि मेरे पास कहानी कहने की ईश्वर प्रदत्त क्षमता है।’’

क्रिकेट में दिलचस्पी रखने वाले आर्चर ने कहा कि वीवीएस लक्ष्मण, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर उनके पसंदीदा खिलाड़ी हैं।

सचिन तेंदुलकर और डॉन ब्रैडमैन के बीच तुलना करने के लिए कहे जाने पर उन्होंने कहा,‘‘ आप दोनों के बीच तुलना नहीं कर सकते। ये अपने वक्त के दिग्गज हैं।’’

आर्चर की नई पुस्तक ‘नेक्स्ट इन लाइन’ को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। लेखक ने कहा कि वह अगली पुस्तक लिखने की तैयारी में हैं।

आर्चर ने कहा, ‘‘ मैंने आज कोलकाता में अपने दोस्तों से बातचीत के लिए समय निकाला है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)