विदेश की खबरें | कोविड-19 के व्यापक टीकाकरण अभियान के मद्देनजर भारत के साथ निकटता से काम कर रही हैं संरा एजेंसियां
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता ने कहा कि भारत के कोविड-19 का दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू करने के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र की कई एजेंसियां व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम के लिए उसके साथ निकटता से काम कर रही हैं।
संयुक्त राष्ट्र, 20 जनवरी संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता ने कहा कि भारत के कोविड-19 का दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू करने के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र की कई एजेंसियां व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम के लिए उसके साथ निकटता से काम कर रही हैं।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मंगलवार को बताया कि भारत में ‘रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर’ रेनाटा डेसालियन के नेतृत्व मे संयुक्त राष्ट्र की एक टीम कोविड-19 के व्यापक टीकाकरण कार्यक्रम के लिए सरकार और संयुक्त राष्ट्र सहयोगियों का पूरा सहयोग कर रही हैं।
उन्होंने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ संयुक्त राष्ट्र एजेंसियां दुनिया के अभी सबसे बड़े टीकाकरण अभियान में अधिकारियों के साथ मिल कर काम कर रही हैं।’’
भारत ने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ 16 जनवरी को विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत भारत में अभी अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-19 के ‘कोविशील्ड‘ और ‘कोवैक्सीन’ टीके लगाए जा रहे हैं।
‘ऑक्सफोर्ड‘ विश्वविद्यालय और ब्रिटिश-स्वीडिश कम्पनी ‘एस्ट्राजेनेका’ ने ‘कोविशील्ड’ टीका विकसित किया है। ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (एसआईआई) इसका निर्माण कर रहा है। वहीं ‘कोवैक्सीन’ का निर्माण ‘भारत बायोटेक’ कर रहा है।
भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार अभी तक कुल 4,54,049 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।
टीका लगाने के बाद प्रतिकूल प्रभाव (एईएफआई) के 580 मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत भी हुई है।
सरकार का कहना है कि इन दो लोगों की मौत का रिश्ता टीका से नहीं है।
दुजारिक ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र की टीमें अभी तक चार हजार से अधिक टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण कर चुकी हैं और तीन लाख से अधिक टीका लगाने वालों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दे चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम टीकों के लिए ‘कोल्ड चैन’ के उपकरण मुहैया कराने सहित तकनीकी सहायता भी कर रहे हैं।’’
संयुक्त राष्ट्र ने साथ ही कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम जारी हैं, लेकिन उसके साथ ही कोविड-19 को लेकर सतर्क रहना और उसे फैलने से रोकना भी उतना ही आवश्यक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 20, 2021 01:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

