मथुरा (उप्र), 16 मई अखिल भारतीय तीर्थ-पुरोहित महासभा के अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिख कर देश के सभी देवालय खोले जाने की मांग की है।
महासभा के अध्यक्ष महेश पाठक ने पत्र में कहा कि रामेश्वरम, तिरुपति, बालाजी, खाटूश्याम, द्वारिकाधीश, बांकेबिहारी, राधारमण, केशवदेव, दानघाटी आदि मंदिर ‘‘चमत्कारिक देवालय’’ हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर इन तीर्थों को एक निश्चित दिशानिर्देश के तहत खोल दिया जाए, तो हमारे आराध्य इस वैश्विक बीमारी से हमारी रक्षा करेंगे। कोरोना (वायरस) किसी का कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘भारत एक धर्मप्रधान देश है। यहां के मंदिर जीवंत हैं। यही कारण है कि जब भक्त पूर्ण समर्पण भाव से मंदिर में भगवान की आराधना करता हैं, तो उसकी समस्या का निराकरण हो जाता है। लेकिन लॉकडाउन में सभी मंदिर-देवालय बंद कर दिए जाने से भक्त और भगवान के बीच दूरी बढ़ गई है।’’
पाठक ने कहा कि सभी तीर्थों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरु हो जाने से लॉकडाउन के चलते भीषण आर्थिक तंगी झेल रहे वहां के तीर्थ-पुरोहितों आदि को भी रोजगार मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को स्वयं उनके लिए एक बेहतर आर्थिक पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY