देश की खबरें | पुलिस मुख्यालय पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘ हम यहां की चाय नहीं पिएंगे, आप जहर दे दोगे तब’’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की वजह पूछने पुलिस मुख्यालय पहुंचे। वहां पुलिस अधिकारियों द्वारा चाय की पेशकश किए जाने पर अखिलेश ने इनकार करते हुए आशंका जताई कि ‘‘उन्हें जहर दिया जा सकता है।’’
लखनऊ, आठ जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की वजह पूछने पुलिस मुख्यालय पहुंचे। वहां पुलिस अधिकारियों द्वारा चाय की पेशकश किए जाने पर अखिलेश ने इनकार करते हुए आशंका जताई कि ‘‘उन्हें जहर दिया जा सकता है।’’
सपा के नेता मनीष जगन अग्रवाल को सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों में रविवार सुबह लखनऊ के हजरतगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद सपा प्रमुख यादव शहीद पथ स्थित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुख्यालय पहुंचे।
इस बीच समाचार चैनलों पर प्रसारित और सोशल मीडिया पर पोस्ट एक वीडियो में अखिलेश यादव को यह कहते सुना जा सकता है कि '' हम यहां की चाय नहीं पिएंगे।’’
वीडियो में अखिलेश यादव साथ आए विकास नाम के किसी व्यक्ति से कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘‘ऐ विकास अगर खुल गया हो (चाय की दुकान) तो बाहर की चाय मंगाओ, हम यहां की चाय नहीं पिएंगे, बाहर की चाय पियेंगे।''
वीडियों में सपा अध्यक्ष सामने खड़े एक पुलिस अधिकारी से कहते सुनाई दे रहे हैं कि '' हम अपनी लाई हुई चाय पिएंगे तो कप आपकी ले लेंगे। हम यहां की (चाय) पियें और आप जहर दे दोगे तब... मुझे भरोसा नहीं है... सच में भरोसा नहीं है...हम बाहर से चाय मंगा लेंगे आप अपनी पीजिए, हम अपनी पियेंगे।''
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं और उन्हें नियम, कानून व्यवस्था और न्याय से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा, "जब मैं पुलिस मुख्यालय पहुंचा तो वहां कोई नजर नहीं आया और वह खाली पड़ा था।’’ सप प्रमुख ने कहा कि अगर पुलिस मुख्यालय में कोई सुनने वाला नहीं है तो उत्तर प्रदेश के बारे में सोचिए।
उधर, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने पत्रकारों से कहा कि एक राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीजीपी मुख्यालय आए थे और उन्होंने पूछा कि सपा से जुड़े मनीष जगन अग्रवाल को क्यों गिरफ्तार किया गया। उन्हें (अखिलेश) बताया गया कि अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उसकी गिरफ्तारी विस्तृत जांच के बाद की गई है।
कुमार ने कहा कि उनके (अखिलेश) साथ कुछ अन्य विधायक भी आए थे उनको प्रवेश दिया गया; बाकी अन्य लोगों को मुख्यालय में प्रवेश नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि ''आज रविवार था, इसलिए यहां सभी लोग मौजूद नहीं रहते, आवश्यकता अनुसार अधिकारी उपलब्ध रहते हैं।’’
एडीजी ने कहा कि यहां पर जो अफसर मौजूद थे उनसे उनकी बात हुई तथा स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें चाय पेश की तथा ठीक से उनकी बात सुनी। उन्हें सब कुछ बताया गया और वह संतुष्ट होकर यहां से चले गये।
कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने आने की पहले कोई सूचना नहीं दी थी।
सपा ने रविवार को दोपहर बाद फिर एक ट्वीट किया जिसमें लखनऊ जेल के सामने अखिलेश यादव और राजेंद्र चौधरी की तस्वीर साझा करते हुए कहा '' माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल से मिलने लखनऊ जेल पहुंचे।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)