गोंडा/बहराइच (उप्र), 12 जुलाई उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को विपक्षी दलों--खासतौर से समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका पीडीए ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ है, जिसमें अखिलेश यादव ‘चेयरमैन’ और उनके परिवार के लोग ‘डायरेक्टर’ हैं।
मौर्य शनिवार को गोंडा जिले में मनकापुर रियासत के पूर्व राजा और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री दिवंगत कुंवर आनंद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनके पुत्र केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह तथा परिजनों से भेंटकर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मौर्य ने दावा किया कि भाजपा 2027 में प्रचंड बहुमत से तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा (बहुजन समाज पार्टी) या कांग्रेस चाहे मिलकर लड़ें या अलग-अलग, उनका हाल वही होगा जो 2017 में हुआ था।
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि “उनका पीडीए ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ है, जिसमें अखिलेश यादव ‘चेयरमैन’ और उनके परिवार के लोग ‘डायरेक्टर’ हैं।”
यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एकता पर जोर दिया और उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट में कांग्रेस के साथ मिलकर 43 सीट पर जीत दर्ज की। इनमें 37 सीट अकेले सपा ने जीती हैं। उसके बाद से यादव ने ‘पीडीए’ एकजुटता को लेकर मुहिम शुरू की है।
मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा गुंडों, अपराधियों और माफियाओं की संरक्षक पार्टी है तथा उनका कोई भविष्य नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) के किसी भी नेता को बर्दाश्त नहीं कर सकते और इसी वजह से वह (अखिलेश) उनसे (मौर्य) डरते हैं।
मौर्य ने खुद को गरीब किसान परिवार का बेटा बताते हुए कहा कि वह कार्यकर्ता से उपमुख्यमंत्री तक पहुंचे हैं और इसी वजह से अखिलेश यादव उनके राजनीतिक कद से भयभीत रहते हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता मौर्य ने अखिलेश यादव को अहंकारी करार देते हुए कहा कि उनकी का स्तर बेहद निम्न है और जब इतिहास लिखा जाएगा, तो उनका यह रवैया सबके सामने आएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY