Bharat Jodo Nyay Yatra’: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में अमेठी या रायबरेली में शामिल होंगे अखिलेश
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में अमेठी या रायबरेली में शामिल होंगे. सपा ने मंगलवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी.
लखनऊ, 7 फरवरी : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में अमेठी या रायबरेली में शामिल होंगे. सपा ने मंगलवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी. सपा ने बयान जारी कर कहा, ''राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में सम्मिलित होने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी का निमंत्रण प्राप्त हुआ.’’ बयान में कहा गया, ‘‘अखिलेश यादव जी ने कांग्रेस को बधाई देते हुए निमंत्रण स्वीकार किया एवं 16 फरवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद अमेठी या रायबरेली में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दी.’’
अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘आशा है ये ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ उप्र में प्रवेश करके पीडीए की रणनीति से जुड़ेगी और हमारे ‘सामाजिक न्याय’ एवं ‘परस्पर सौहार्द’ के आंदोलन को और आगे ले जाएगी. 'इंडिया' की टीम और 'पीडीए' की रणनीति, जीत का नया इतिहास लिखेगी.’’ सपा नियमित रूप से विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठकों में शामिल होती रही है, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है. सपा, जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के साथ गठबंधन में है और सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के साथ उसका लोकसभा चुनावों को लेकर कोई औपचारिक समझौता नहीं है, उसने हाल ही में उप्र में आगामी संसदीय चुनावों में प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस को 11 सीटों की पेशकश की है. यह भी पढ़ें : खरगे ने राज्यसभा में उनके भाषण के कुछ अंश कार्यवाही से हटाने पर आपत्ति जताई
कांग्रेस के पास इस समय रायबरेली से सोनिया गांधी के रूप में एक सांसद हैं. पिछले आम चुनाव में सपा ने मूल रूप से मायावती की बसपा के साथ साझेदारी में पांच सीटें जीती थीं. इसके बाद हुए उपचुनावों में पार्टी आजमगढ़ और रामपुर की दो सीटें हार गई थी. कांग्रेस की उप्र इकाई द्वारा जारी बयान के मुताबिक, राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के समर्थन में आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘ज्योत से ज्योत जलाते चलो’ की शुरुआत हुई. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल और कवि प्रदीप की पुत्री मेतुल प्रदीप ने दीप प्रज्वलन कर की.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 06, 2024 11:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

