देश की खबरें | अखिलेश ने पुलिस पर मतदाताओं के पहचान पत्र जांचने का आरोप लगाया; अधिकारियों को हटाने की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि मिल्कीपुर विधानसभा के उपचुनाव में पुलिस अधिकारी मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच कर रहे हैं और निर्वाचन आयोग से इन पुलिस अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है।
लखनऊ, पांच फरवरी समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि मिल्कीपुर विधानसभा के उपचुनाव में पुलिस अधिकारी मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच कर रहे हैं और निर्वाचन आयोग से इन पुलिस अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की है।
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने सपा प्रमुख के आरोपों का खंडन किया है।
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा करते हुए पोस्ट कर कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग तुरंत इस समाचार से जुड़ी तस्वीरों का संज्ञान ले कि अयोध्या की पुलिस मिल्कीपुर में मतदाताओं के ‘आईडी कार्ड’ चेक कर रही है, जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।’’
सपा प्रमुख द्वारा साझा की गयी तस्वीर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी किसी मतदाता का दस्तावेज देखता नजर आ रहा है।
यादव ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘ये अप्रत्यक्ष रूप से मतदाताओं में भय उत्पन्न करके मतदान को प्रभावित करने का लोकतांत्रिक अपराध है। ऐसे लोगों को तुंरत हटाया जाए और दंडात्मक कार्रवाई की जाए।’’
इसके जवाब में अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने कहा कि ‘एक्स’ पर पोस्ट की गयी तस्वीर में पुलिसकर्मी एक मतदान एजेंट की पहचान की पुष्टि कर रहे हैं।
नैयर ने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस के अधिकारी मतदाताओं के पहचान पत्रों की जांच नहीं कर रहे हैं।
फैजाबाद के सपा के सांसद अवधेश प्रसाद ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव जीतने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाकर मतदाताओं को धमकाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले कुछ माह में खुद मिल्कीपुर का 10 बार दौरा किया और 16 मंत्रियों को तैनात किया लेकिन इससे मतदाताओं पर कोई असर नहीं पड़ा और वे सपा का ही समर्थन कर रहे हैं।
अयोध्या में निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और शिकायतों पर गौर किया जा रहा है।
मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू हो गया।
अयोध्या के जिलाधिकारी सह-जिला निर्वाचन अधिकारी सी. वी. सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)