देश की खबरें | रायगढ़ जिले में लावारिस पड़े याट से एके-56 राइफल; 247 गोलियां मिलीं : पुलिस

अलीबाग (महाराष्ट्र), 22 अगस्त महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अरब सागर में लावारिस पड़े एक याट से हाल ही में युद्ध में इस्तेमाल होने वाली तीन राइफल एके-56 और 247 गोलियां बरामद हुई हैं। स्थानीय पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।

इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि याट से एके-47 राइफलें बरामद हुई हैं।

गौरतलब है कि 16 मीटर लंबा ‘लेडी हान’ नाम का यह याट 18 अगस्त को रायगढ़ जिले के श्रीवर्द्धधन तालुका के हरीहरेश्वर तट पर मिला था। रायगढ़ पुलिस ने इसमें कोई आतंकवादी पहलू होने से इंकार किया है।

पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘याट जब नजर आया तो वह तट से 100 मीटर भीतर समुद्र में था। कुछ स्थानीय लोग तैर कर याट तक पहुंचे। उन्हें कुछ दस्तावेज, एक बक्से में रखी तीन एके-56 राइफल और 247 गोलियां मिलीं।’’

दही हांडी और गणेश महोत्सव से ठीक पहले याट से हथियार मिलने के कारण यह घटना सुर्खियों में थी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी कहा कि पहली नजर में आतंकवादियों से इसका कोई संबंध नजर नहीं आ रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने इससे पहले बताया था कि याट से तीन एके-47 राइफल बरामद हुई हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, मस्कट से यूरोप जा रहे याट के इंजन में 26 जून को खराबी आ गयी। उन्होंने बताया कि याट के चालक दल के सदस्यों को कोरिया की नौसेना ने वहां से सुरक्षित निकालकर ओमान सरकार को सौंप दिया, लेकिन याट को अरब सागर में छोड़ दिया गया और यह बहते हुए हरीहरेश्वर तट पर पहुंच गया।

प्रारंभिक जांच के बाद महाराष्ट्र एटीएस ने मामला दर्ज किया है। नवी मुंबई आतंकवाद-विरोधी दस्ता घटना की जांच कर रहा है।

भारतीय तटरक्षक, खुफिया ब्यूरो, भारतीय नौसेना और एटीएस ने मौके का मुआयना किया है।

रायगढ़ पुलिस ने बताया, ‘‘याट को किनारे पर लाना मुश्किल है। डॉग स्क्वाड और बम निष्क्रिय दस्ते ने याट का निरीक्षण किया है लेकिन कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है इसका आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)