एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अजित पवार ने लोगों से 'विकसित महाराष्ट्र 2047' सर्वेक्षण में हिस्सा लेने का आग्रह किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने नागरिकों से राज्य के दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण को आकार देने के मकसद से चलाए जा रहे 'विकसित महाराष्ट्र 2047' सर्वेक्षण में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने का मंगलवार को आग्रह किया।

देश की खबरें | अजित पवार ने लोगों से 'विकसित महाराष्ट्र 2047' सर्वेक्षण में हिस्सा लेने का आग्रह किया

मुंबई, आठ जुलाई महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने नागरिकों से राज्य के दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण को आकार देने के मकसद से चलाए जा रहे 'विकसित महाराष्ट्र 2047' सर्वेक्षण में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने का मंगलवार को आग्रह किया।

महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में दिए गए बयान में पवार ने सभी विधायकों, संभागीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों और जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से अधिकतम जन भागीदारी को प्रोत्साहित करने की अपील की।

सरकार की 100 दिवसीय कार्ययोजना के सफल समापन के बाद राज्य सरकार ने छह मई से दो अक्टूबर तक 150 दिन का अभियान शुरू किया, जिसमें एक व्यापक 'विकसित महाराष्ट्र @2047' दृष्टिकोण दस्तावेज का मसौदा तैयार करना शामिल है।

इस दृष्टिकोण को तैयार करने के लिए सरकार ने 'महाराष्ट्र @2047' के तहत दीर्घकालिक लक्ष्य, 'महाराष्ट्र @75' के तहत मध्यम अवधि के लक्ष्य और अल्पकालिक उद्देश्यों की रूपरेखा तैयार की है। चार प्रमुख स्तंभों : प्रगतिशील विकास, स्थिरता, समावेशिता और सुशासन पर आधारित मसौदा दस्तावेज तैयार करने के लिए कुल 16 क्षेत्रीय समूह गठित किए गए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, 18 जून से 17 जुलाई 2025 के बीच आयोजित किए जा रहे नागरिक सर्वेक्षण का उद्देश्य विजन दस्तावेज को तैयार करने के लिए लोगों की राय, अपेक्षाओं, आकांक्षाओं और प्राथमिकताओं को जानना है।

पवार ने विधायकों से सर्वेक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए सार्वजनिक बैठकों, समारोहों और सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने सभी संभागीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों तथा जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को अपने-अपने प्रशासनिक तंत्र के माध्यम से भागीदारी को बढ़ावा देने का निर्देश दिया।

नागरिक क्यूआर कोड को स्कैन करके या महाराष्ट्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर क्लिक करके सर्वेक्षण में हिस्सा ले सकते हैं। उन्हें क्यूआर कोड से जुड़े व्हाट्सएप चैटबोट के जरिये भी विकसित महाराष्ट्र के लिए अपने दृष्टिकोण और आकांक्षाओं को साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).