गणेशोत्सव सामान्य तरीके से मनाने के निर्णय की अजित पवार ने की प्रशंसा
एक आधिकारिक बयान में पवार ने विश्वास जताया कि मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में भी मंडल मौजूदा महामारी को देखते हुए ऐसा ही निर्णय लेंगे।
मुंबई, 21 मई महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कोविड-19 महामारी के मद्देनजर पुणे के मंडलों द्वारा आगामी गणेशोत्सव धूमधाम से नहीं मनाने का फैसला लिए जाने का स्वागत किया।
एक आधिकारिक बयान में पवार ने विश्वास जताया कि मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में भी मंडल मौजूदा महामारी को देखते हुए ऐसा ही निर्णय लेंगे।
गणेशोत्सव महाराष्ट्र के बेहद महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है और इस साल अगस्त में मनाया जाएगा।
राकांपा नेता ने कहा कि पुणे ने हमेशा ही सामाजिक आंदोलनों का नेतृत्व किया है और समाज को दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए मंडलों के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन बैठक कर यह निर्णय लिया।
पुणे के आठ बड़े गणेश मंडलों ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि इस साल गणेश उत्सव ‘ सादे और पारंपरिक तरीके’ से मनाया जाएगा ताकि कोरोना वायरस के मद्देनजर भीड़ से बचा जा सके।
महाराष्ट्र में मुंबई और पुणे इस वायरस से बुरी तरह प्रभावित हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)