कोरोना वायरस संकट के बीच ट्विटर पर एक दूसरे की चुटकी ले रहीं एयरलाइन कंपनियां
दरअसल इन दिनों कोरोना वायरस संकट के कारण उड़ानें बंद हैं और विमानन क्षेत्र सुस्त पड़ा है, ऐसे में विभिन्न विमानन कंपनियां ट्विटर पर कुछ इसी तरह एक दूसरे की चुटकी ले रही हैं और मजेदार वार्तालाप कर रही हैं।
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल ‘इन दिनों जमीन पर रहना सबसे बढ़िया बात है, हैं ना इंडिगो’, ‘उड़ना कोई अच्छी बात थोड़े ही है, क्या कहते हो गो एयर,’ कुछ इसी तरह विस्तार एयरलाइन ने ट्विटर पर इंडिगो और गो एयर की चुटकी ली।
दरअसल इन दिनों कोरोना वायरस संकट के कारण उड़ानें बंद हैं और विमानन क्षेत्र सुस्त पड़ा है, ऐसे में विभिन्न विमानन कंपनियां ट्विटर पर कुछ इसी तरह एक दूसरे की चुटकी ले रही हैं और मजेदार वार्तालाप कर रही हैं।
विस्तार के ट्वीट के बाद इस संवाद में एयरएशिया इंडिया, स्पाइसजेट और दिल्ली एयरपोर्ट भी ट्विटर पर उतर आए।
इसकी शुरुआत देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ट्वीट के साथ हुई थी जिसमें उसने लिखा था, ‘‘ एयर विस्तार, हमने सुना है कि इन दिनों ऊंचे नहीं उड़ रहे।’’
इसके जवाब में विस्तार ने लिखा, ‘‘ नहीं, इंडिगो इन दिनों जमीन पर रहना सबसे बढ़िया बात है।’’
जब विस्तार ने गो एयर को इसमें शामिल करते हुए सवाल किया तो उसका जवाब था कि घर पर रहने से सुरक्षित महसूस होता है।
इस बातचीत में एयर एशिया इंडिया उतर आई और उसने गो एयर की हां में हां मिलाई, साथ ही स्पाइस जेट को टैग कर उसकी प्रतिक्रिया मांगी।
इस पर स्पाइस जेट ने कहा, ‘‘यह जानकर अच्छा लगा कि हमारे रंग की तरह हमारे विचार भी मिलते हैं।’’
स्पाइस जेट ने दिल्ली एयरपोर्ट को टैग करते हुए लिखा, ‘‘पक्षी पिंजरे से कुछ वक्त से नहीं निकला लेकिन हमें खुशी है कि आज हम एक सुरक्षित कल बना रहे हैं। हैं ना दिल्ली एयरपोर्ट,’’
इस पर दिल्ली हवाईअड्डे ने चारों एयरलाइनों को टैग करते हुए जवाब दिया, ‘‘भारत का आसमान आपके रंगों से जल्द रंगीन होगा लेकिन फिलहाल हमें मुस्कुराने की वजह देने के लिए धन्यवाद। आसमान में साथ और जमीन पर भी साथ।’’
लॉकडाउन के कारण व्यावसायिक उड़ानें 14 अप्रैल तक के लिए निलंबित हैं।
इस मजेदार बातचीत को जारी रखते हुए विस्तार ने लिखा, ‘‘फिलहाल तो हम लांग डिस्टेंस रिलेशनशिप में हैं, हैं ना इंडिगो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2020 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

