जरुरी जानकारी | विमान ईंधन की कीमत में चार प्रतिशत की कटौती, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की दरें भी घटीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विमान ईंधन की कीमत में बृहस्पतिवार को 4.4 प्रतिशत की कटौती की गई। यह एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी कटौती है।
नयी दिल्ली, एक मई विमान ईंधन की कीमत में बृहस्पतिवार को 4.4 प्रतिशत की कटौती की गई। यह एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी कटौती है।
इसके अलावा होटलों एवं रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 14.50 रुपये प्रति सिलेंडर कम कर दी गई।
सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) यानी विमान ईंधन की कीमत 3,954.38 रुपये प्रति किलोलीटर या 4.4 प्रतिशत घटकर 85,486.80 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।
इससे पहले एक अप्रैल को 6.15 प्रतिशत (5,870.54 रुपये प्रति किलोलीटर) की भारी कटौती के बाद यह कदम उठाया गया है। इन दो कटौतियों ने इस वर्ष के शुरू में हुई मूल्य वृद्धि की प्रभावी रूप से भरपाई कर दी है।
मुंबई में विमान ईंधन की कीमत 83,575.42 रुपये से घटाकर 79,855.59 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई, जबकि चेन्नई तथा कोलकाता में इसकी कीमत घटाकर क्रमश: 88,494.52 रुपये और 88,237.05 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई।
तेल कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत भी 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 14.50 रुपये घटा दी है। राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अब 1,747.50 रुपये और मुंबई में 1,699 रुपये है।
इससे पहले एक अप्रैल से प्रति सिलेंडर इस पर 41 रुपये की कटौती की गई थी।
अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में पिछले कुछ सप्ताह से नरमी आई है क्योंकि वैश्विक व्यापार युद्ध ने ईंधन की मांग के लिए संभावनाओं को कम कर दिया है। ब्रेंट क्रूड 61 डॉलर प्रति बैरल से नीचे कारोबार कर रहा था जो उसका तीन साल से अधिक समय का सबसे निचला स्तर है।
एटीएफ और एलपीजी की कीमतें वैट सहित स्थानीय करों के आधार पर हर राज्य में अलग-अलग होती हैं।
हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम पर यथावत हैं। घरेलू रसोई गैस की कीमत में पिछले महीने 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत एवं विदेशी विनिमय दर के आधार पर एटीएफ और एलपीजी गैस की कीमतों में संशोधन करती हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में नरमी आई है, लेकिन घरेलू बाजार में पेट्रोल तथा डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। पिछले साल मार्च के मध्य में आम चुनाव से पहले कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी।
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2025 01:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

