एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' रही

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में सोमवार को हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रही और एक्यूआई 352 दर्ज किया गया जबकि चार निगरानी केंद्रों ने हवा की गुणवत्ता के स्तर को 'गंभीर' श्रेणी में बताया।

देश की खबरें | दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' रही

नयी दिल्ली, 11 नवंबर दिल्ली में सोमवार को हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रही और एक्यूआई 352 दर्ज किया गया जबकि चार निगरानी केंद्रों ने हवा की गुणवत्ता के स्तर को 'गंभीर' श्रेणी में बताया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शाम चार बजे तक 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 352 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के अनुसार रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में 24 घंटे का औसत एक्यूआई 335 दर्ज किया गया।

सीपीसीबी के समीर ऐप के आंकड़ों से पता चला है कि सोमवार को 38 निगरानी केंद्रों में से चार में एक्यूआई 400 से उपर दर्ज किया गया जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। इनमें बवाना, जहांगीरपुरी, रोहिणी और वजीरपुर शामिल हैं।

इस बीच सुबह और शाम के समय शहर में धूमकोहरे की मोटी परत छाई रही, अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी मौसम के औसत से तीन डिग्री अधिक रहा और यह सुबह नौ बजे 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में दिन के दौरान आर्द्रता का स्तर 96 से 72 प्रतिशत के बीच रहा।

मौसम विभाग ने मंगलवार को मध्यम कोहरा रहने तथा अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है।

एक्यूआई के वर्गीकरण के अनुसार, शून्य से 50 की श्रेणी को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ तथा 401-500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2024 10:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).