एजेंसी न्यूज

बांग्लादेश में फंसे 168 छात्रों के पहले जत्थे को लेकर एयर इंडिया का विमान स्वदेश रवाना

यह विमान सीधे श्रीनगर हवाई अड्डे पहुंचेगा।

बांग्लादेश में फंसे 168 छात्रों के पहले जत्थे को लेकर एयर इंडिया का विमान स्वदेश रवाना

ढाका, आठ मई कोरोना वायरस महामारी की वजह से बांग्लादेश में फंसे 168 भारतीय छात्रों का पहला जत्था एयर इंडिया के एक विशेष विमान से शुक्रवार को स्वदेश रवाना हुआ।

यह विमान सीधे श्रीनगर हवाई अड्डे पहुंचेगा।

विदेश में फंसे हुए लोगों को स्वदेश लाने के लिए भारत सरकार के '‍अभियान वंदे भारत-स्वदेश वापसी’ के तहत इन विद्यार्थियों को लाया जा रहा है। भारत के अन्य नागरिकों की स्वदेश वापसी के लिए भी इस तरह की उड़ानों का संचालन किया जा रहा है

ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एचएसआईए) के निदेशक ग्रुप कैप्टन एएचएम तौहीद उन अहसान ने पत्रकारों को बताया, ‘‘ एयर इंडिया का विशेष विमान 168 छात्रों को लेकर भारत के श्रीनगर के लिए रवाना हुआ।’’

बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने स्वेदश लौटने के इच्छुक भारतीयों के पंजीकरण के लिए अपनी वेबसाइट पर लिंक साझा किया है। उच्चायुक्त रीवा गांगुली दास ने हवाई अड्डे पर छात्रों से बातचीत की।

उन्होंने इस अवसर का एक वीडियो संदेश भी ट्विटर पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वंदे भारत अभियान के तहत बांग्लादेश से भारत का पहला विमान छात्रों को लेकर सीधे श्रीनगर हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘ विमान में सिर्फ छात्र ही सवार हैं। ये छात्र यहां के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे थे। हम लगातार छात्रों और उनके कॉलेजों के संपर्क में थे ताकि उनकी देखरेख अच्छे से हो सके।’’

उन्होंने कहा कि ढाका से इस अभियान के तहत फंसे हुए नागरिकों के लिए कुल सात उड़ानों का परिचालन होगा।

भारतीय उच्चायुक्त ने ईद से पहले छात्रों की वापसी पर संतोष व्यक्त किया।

भारतीय उच्चायोग ने बयान में कहा कि भारतीयों को निकालने का पहला चरण एक हफ्ते में सात विशेष उड़ानों के जरिये पूरा किया जाएगा। उच्चायोग ने बताया कि प्रत्येक उड़ान में 170 छात्र होंगे। तीन उड़ानें आठ, 12 और 13 मई को श्रीनगर जाएंगी, दो उड़ाने नौ मई और 11 मई को दिल्ली उतरेंगी और 10 मई को एक विमान मुंबई और 14 मई को चेन्नई के लिए रवाना होंगे।

ट्विटर पर भारतीय उच्चायोग ने भी पहले जत्थे के भारतीय छात्रों की रवानगी की तस्वीरें और वीडियो जारी की।

मिशन ने कहा, ‘‘ आज हम बांग्लादेश में फंसे अपने छात्रों को वापस भेजने की तैयारी कर रहे हैं। एयर इंडिया की पहली उड़ान तैयार है और यह आठ मई को उन्हें अपने घर श्रीनगर ले जाएगी। अन्य विमान भी तैयार हैं।

उच्चायोग ने कहा, ‘‘छात्रों का पहला जत्था भारत जाने के लिए एयर इंडिया के विमान पर सवार होने के लिए हवाई अड्डा पहुंच चुका है। भारतीय उच्चायोग हवाई अड्डे पर औपचारिकताएं पूरी करने में छात्रों की मदद कर रहा है।’’

भारतीय उच्चायोग ने समर्थन करने के लिए कॉलेज प्रशासन को भी धन्यवाद दिया।

भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से बात करते हुए छात्रों ने इस यात्रा के लिए भारत सरकार का शुक्रिया अदा किया।

बांग्लादेश में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 16 मई तक लॉकडाउन लागू है और उड़ानों पर भी रोक है। इसलिए विशेष व्यवस्था के तहत भारतीयों की वापसी हो रही है।

वहीं बांग्लादेश 20 अप्रैल से अब तक 14 विशेष उड़ानों की मदद से करीब दो हजार बांग्लादेशियों को को भारत से वापस लाया है और उसकी योजना नौ उड़ानों से बाकी फंसे लोगों को वापस लाने की है।

करीब 130 बांग्लादेशी वापसी प्रक्रिया के तहत भारत के विभिन्न शहरों से शुक्रवार को लौटे।

योजना के तहत बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी ‘‘बिमान बांग्लादेश एयर लाइंस’’ 10 मई को कोलकाता से, 12 मई को मुंबई से, 13 या 15 मई को बेंगलुरु से, 14 मई को नयी दिल्ली से अपने नागरिकों वापस लाने के लिए उड़ान भरेगा।

निजी यूएस-बांग्ला एयरलाइंस बांग्लादेशी नागरिकों को ढाका लाने के लिए आठ, नौ, 10, 13 और 14 मई को चेन्नई से पांच उड़ानों का परिचालन करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 08:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).