देश की खबरें | तिरुवनंतपुरम से दुबई जा रही एअर इंडिया की उड़ान वातानुकूलन प्रणाली में गड़बड़ी के कारण लौटी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल की राजधानी से दुबई जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को उड़ान भरने के महज दो घंटे बाद वातानुकूलन प्रणाली में गड़बड़ी आने पर वापस आना पड़ गया। तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
तिरुवनंतपुरम, 23 जुलाई केरल की राजधानी से दुबई जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को उड़ान भरने के महज दो घंटे बाद वातानुकूलन प्रणाली में गड़बड़ी आने पर वापस आना पड़ गया। तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि विमान आईएक्स 539 ने रविवार को यहां अपराह्न एक बजकर 19 मिनट पर उड़ान भरी थी और अपराह्न तीन बजकर 52 मिनट पर वापस आ गया।
उन्होंने बताया कि विमान में चालक दल के सदस्यों समेत 178 लोग सवार थे।
अधिकारी ने बताया,‘‘विमान सुरक्षित रूप से हवाई अड्डे पर उतर गया। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य ठीक हैं। एयर कंडीशनिंग (एसी) में गड़बड़ी आ गई थी।’’
विमानन कंपनी ने बताया कि तिरुवनंतपुरम से दुबई जाने वाले विमान आईएक्स 539 के उड़ान भरने के बाद उसके वातानुकूलन प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद चालक दल ने विमान को एहतियातन तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर उतारने का फैसला किया।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘विमानन कंपनी ने तत्काल दूसरे विमान का प्रबंध किया।’’
उन्होंने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस अपने सभी यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और आरामदायक यात्रा मुहैया करने के लिए प्रतिबद्ध है और वह असुविधा के कारण हुए विलंब के लिए खेद प्रकट करती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)