देश की खबरें | वायुसेना का मिराज लड़ाकू विमान मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में दुर्घटनाग्रस्त, दोनों पायलट सुरक्षित

ग्वालियर, छह फरवरी वायुसेना का एक मिराज-2000 लड़ाकू विमान सिस्टम में खराबी के कारण बृहस्पतिवार दोपहर मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन उन्हें मामूली चोटें आईं और उन्हें हेलीकॉप्टर से ग्वालियर ले जाया जा रहा है।

‘सेंट्रल एयर कमान’ के प्रवक्ता ने बताया कि दोपहर करीब दो बजकर 40 मिनट पर बरहेटा सानी गांव के पास खेत में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दो सीट वाले प्रशिक्षण विमान में आग लग गई। उन्होंने बताया कि विमान में खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई।

वायुसेना ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘आज नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान शिवपुरी (ग्वालियर) के पास भारतीय वायुसेना का मिराज 2000 विमान सिस्टम में खराबी आने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए। वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि शिवपुरी जिले के एक गांव के पास खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुए इस विमान ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी।

शिवपुरी जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने बताया,‘‘ग्रामीणों ने सूचना दी कि करेरा थाना क्षेत्र में बरहेटा सुनारी गांव के पास एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। मिराज विमान ने दो पायलटों के साथ ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी। दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्हें मामूली चोटें आईं। पायलटों को वहां से ले जाने के लिए एक हेलीकॉप्टर मौके पर भेजा गया।"

सं दिमो

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)